कनाडा में भारतीय मूल की महिला की हत्या के आरोप में उसका साथी गिरफ्तार
कनाडा में भारतीय मूल की महिला की हत्या के आरोप में उसका साथी गिरफ्तार
ओटावा, 26 जुलाई (भाषा) कनाडा के पश्चिमी हिस्से में भारतीय मूल की 23 वर्षीय युवती की गला घोंटकर हत्या करने के आरोप में उसके 22 वर्षीय साथी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
कनाडाई प्रसारण निगम (सीबीसी) की शुक्रवार की एक खबर के अनुसार, भारतीय मूल के रितीश कुमार को अल्बर्टा प्रांत की राजधानी एडमंटन में दमनप्रीत कौर की हत्या के आरोप में 22 जुलाई को गिरफ्तार किया गया और इस मामले को अंतरंग साथी (इंटिमेट पार्टनर) द्वारा की गई हत्या का मामला बताया गया है।
सीबीसी न्यूज ने एडमंटन पुलिस के बृहस्पतिवार को जारी बयान के हवाले से कहा कि जांचकर्ता फिलहाल इस मामले में किसी अन्य संदिग्ध की तलाश नहीं कर रहे हैं।
खबर के अनुसार, कौर की मौत का मामला नौ जुलाई को उस समय सामने आया जब पुलिस अधिकारियों को एडमंटन के सिल्वरबेरी इलाके में एक घर में संदिग्ध चोटों के साथ अचेत अवस्था में पड़ी एक महिला की सूचना मिली।
आपातकालीन सेवाओं ने उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, जहां 12 जुलाई को उनकी मौत हो गई।
सीबीसी की खबर के अनुसार, 14 जुलाई को किए गए शव परीक्षण में पुष्टि हुई कि कौर की मौत गला घोंटने से हुई थी और इसे हत्या का मामला माना गया।
पुलिस के आधिकारिक बयान में कहा गया, ‘‘मौत का कारण, जिसे जांच संबंधी कारणों से उस समय सार्वजनिक नहीं किया गया था, गला घोंटना था।’’
भाषा रंजन संतोष
संतोष

Facebook


