ब्रिटेन में ‘सूर्यपथ तिरंगा’ यात्रा के साथ भारत का 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाया गया

Ads

ब्रिटेन में ‘सूर्यपथ तिरंगा’ यात्रा के साथ भारत का 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाया गया

  •  
  • Publish Date - August 15, 2026 / 06:43 PM IST,
    Updated On - August 15, 2026 / 06:43 PM IST

(अदिति खन्ना)

लंदन, 15 अगस्त (भाषा) लंदन में भारतीय उच्चायोग ने शनिवार को पारंपरिक ध्वजारोहण समारोह के साथ-साथ ‘सूर्यपथ तिरंगा ग्लोबल रिले’ का आयोजन करके 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाया।

ब्रिटेन में भारत के उच्चायुक्त पी. कुमारन ने समारोह को संबोधित करते हुए अलग-अलग क्षेत्रों में प्रवासी भारतीयों की कई उपलब्धियों का जिक्र किया।

उन्होंने पिछले महीने मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) के लागू होने के बाद भारत-ब्रिटेन संबंधों की मजबूती पर भी प्रकाश डाला।

कुमारन ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘उच्चायुक्त के तौर पर लंदन आने के बाद यह मेरा पहला स्वतंत्रता दिवस समारोह है। यहां भारतीय समुदाय के सदस्यों का उत्साह देखकर बहुत अच्छा लग रहा है, जिन्होंने इतने सालों में बहुत कुछ हासिल किया है।’’

इस कार्यक्रम में जुटे सैकड़ों लोगों ने राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ और राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ गाया। इसके बाद पारंपरिक संगीत और नृत्य की प्रस्तुति हुई, जिसमें भारत के स्वतंत्रता संग्राम की भावना को दर्शाया गया।

उच्चायुक्त ने ऑनलाइन प्रतियोगिता ‘भारत को जानिए’ के विजेताओं को पुरस्कार भी दिए।

भारतीय उच्चायोग ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के हिस्से के तौर पर शनिवार को लंदन में ‘विकसित भारत दौड़’ का भी आयोजन किया।

उल्लेखनीय है कि ‘सूर्यपथ तिरंगा ग्लोबल रिले’ भारत के स्वतंत्रता दिवस के अनूठे वैश्विक उत्सव का प्रतीक है। इसमें तिरंगा उगते सूरज के पथ का अनुसरण करते हुए पूरी दुनिया की यात्रा करता है।

‘सूर्यपथ तिरंगा’ के अंतर्गत, चुनिंदा भारतीय दूतावासों और चौकियों पर समन्वित क्रम में ध्वजारोहण के माध्यम से तिरंगा विश्व भर में यात्रा करता है। जैसे ही दुनिया के किसी एक हिस्से में सूर्योदय होता है, वहां राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाता है, और फिर पश्चिम में स्थित अगले दूतावास या चौकी पर ध्वजारोहण होता है। इस प्रकार विश्व भर में तिरंगा की एक निरंतर श्रृंखला चलती रहती है।

भाषा शफीक संतोष

संतोष