(सागर कुलकर्णी)
वाशिंगटन, 21 मई (भाषा) भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) को बृहस्पतिवार को अमेरिकी वैमानिकी और अंतरिक्षयानिकी संस्थान (एआईएए) द्वारा ‘चंद्रयान-3 मिशन’ के लिए 2026 के ‘गोडार्ड एस्ट्रोनॉटिक्स’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने एआईएए सम्मेलन में यह पुरस्कार प्राप्त किया।
प्रशस्ति पत्र के अनुसार, इसरो को यह पुरस्कार ‘‘चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव क्षेत्र के निकट ‘चंद्रयान-3’ की ऐतिहासिक लैंडिंग के लिए दिया गया है, जिससे चंद्रमा की हमारी समझ बेहतर करने में मदद मिली है।’’
क्वात्रा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि एआईएए द्वारा प्रदत्त प्रतिष्ठित 2026 गोडार्ड एस्ट्रोनॉटिक्स पुरस्कार के लिए इसरो और चंद्रयान 3 टीम को बधाई।
उन्होंने कहा, ‘‘इसरो की ओर से यह पुरस्कार स्वीकार करना और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के अंतरिक्ष विजन 2047 तथा आगामी गहन अंतरिक्ष अन्वेषण एवं मानव अंतरिक्ष उड़ान मिशन तथा भारत में बढ़ते वाणिज्यिक अंतरिक्ष पारिस्थितिकी तंत्र को रेखांकित करना मेरे लिए सम्मान की बात है।’’
भाषा नेत्रपाल अविनाश
अविनाश