काठमांडू, नौ जुलाई (भाषा) नेपाल में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने बृहस्पतिवार को नेपाल की प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष डोल प्रसाद अर्याल से मुलाकात की और दोनों देशों से जुड़े द्विपक्षीय तथा आपसी हितों के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
अर्याल ने मार्च में नेपाल में हुए संसदीय चुनावों के दौरान भारत सरकार द्वारा दिए गए सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि नेपाल और भारत के संबंध साझा सभ्यता, भौगोलिक निकटता और सामाजिक-सांस्कृतिक रिश्तों पर आधारित हैं।
अर्याल ने कहा कि व्यापार, सुरक्षा, नागरिक उड्डयन, जल संसाधन और संपर्क जैसे क्षेत्रों में स्थापित तंत्रों के माध्यम से दोनों देशों के बीच सहयोग लगातार बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि नागरिक उड्डयन, रेल और बस सेवाओं के माध्यम से संपर्क का विस्तार दोनों देशों के रिश्तों को और अधिक मजबूत करेगा।
प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष ने यह भी बताया कि उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को नेपाल आने का निमंत्रण दिया है।
भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने कहा कि बिरला नेपाल की यात्रा में रुचि रखते हैं।
श्रीवास्तव ने प्रतिनिधि सभा अध्यक्ष और नेपाल के सांसदों को भारतीय संसद की कार्यप्रणाली का अध्यय करने और अवलोकन करने के लिए भारत आमंत्रित किया।
भाषा शोभना देवेंद्र
देवेंद्र