चीन में भारत के नए राजदूत विक्रम दोराईस्वामी शंघाई पहुंचे

Ads

चीन में भारत के नए राजदूत विक्रम दोराईस्वामी शंघाई पहुंचे

  •  
  • Publish Date - May 2, 2026 / 09:12 PM IST,
    Updated On - May 2, 2026 / 09:12 PM IST

बीजिंग/ शंघाई, दो मई (भाषा) चीन में भारत के नए राजदूत विक्रम दोराईस्वामी कार्यभार संभालने के लिए शनिवार को शंघाई पहुंचे। उम्मीद है कि उनकी नियुक्ति से भारत-चीन रिश्तों को सामान्य करने की मौजूदा प्रक्रिया में तेजी आएगी।

हवाई अड्डे पर शंघाई में भारतीय महावाणिज्य दूतावास के महावाणिज्यदूत प्रतीक माथुर और अन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) के 1992 बैच के अधिकारी दोराईस्वामी रविवार को बीजिंग पहुंचेंगे।

दोराईस्वामी (56)बीजिंग में राजनयिक प्रदीप कुमार रावत का स्थान लेंगे।

बीजिंग में भारतीय राजदूत नियुक्त किये जाने से पहले दोराईस्वामी ब्रिटेन में भारत के उच्चायुक्त पद पर पदस्थ थे।

चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने 20 मार्च को एक प्रेस वार्ता में दोराईस्वामी की नियुक्ति का स्वागत करते हुए कहा कि नए भारतीय राजदूत ने अपने लिए एक चीनी नाम ‘वेई जियामेंग’ चुना है।

लिन ने कहा, ‘‘चीन भारत के नए राजदूत वेई जियामेंग का स्वागत करता है और उन्हें चीन में अपना पदभार ग्रहण करने के लिए हर संभव सुविधा प्रदान करने के लिए उस्तुक है।’’

चीनी विद्वानों के अनुसार, मंदारिन भाषा में इस नाम का सामान्य अनुवाद वेई है, जो एक आम चीनी उपनाम है और जिसका उच्चारण विक्रम के ‘वी’ से मिलता जुलता है। बहुत पहले, चीनी इतिहास के युद्धरत राज्यों के काल में वेई एक शक्तिशाली राज्य था।

चीनी विद्वानों के अनुसार, जिया का अर्थ शुभ या प्रशंसनीय है, और मेंग का अर्थ गठबंधन है, जिसका व्यापक अर्थ एक शुभ या प्रशंसनीय सहयोगी है।

एक चीनी विद्वान ने बताया कि इन सभी शब्दों का संयुक्त अभिप्राय है, ‘‘एक ऐसा व्यक्ति जो एक उत्कृष्ट गठबंधन बनाता है।’’ इसका भारत-चीन संबंधों के वर्तमान संदर्भ में कूटनीतिक महत्व है।

लिन के मुताबिक चीन को उम्मीद है कि अपने पदभार ग्रहण करने के बाद, दोराईस्वामी चीन-भारत संबंधों के सतत सुधार और विकास में सकारात्मक योगदान देंगे।

दोराईस्वामी मंदारिन भाषा बोलने में पारंगत हैं और अपने करियर के शुरुआती दौर में हांगकांग और बीजिंग दोनों के राजनयिक मिशनों में सेवाएं दी थीं।

भाषा

धीरज दिलीप

दिलीप