Iran Israel War Update/Image Source: ANI
दीर अल बलाह: Iran Israel War Update: कुछ फलस्तीनियों का कहना है कि उन्हें ईरान के खिलाफ अमेरिका और इजराइल के हमलों से भड़के युद्ध के कारण गाजा की नाजुक स्थिति के और अधिक बिगड़ने का डर सता रहा है। हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में इस क्षेत्र के पुनर्निर्माण के लिए अरबों डॉलर का वादा किया था और संघर्ष विराम को आगे बढ़ाने की कोशिश की थी।
Iran Israel War Update: निवासियों का कहना है कि वे उपेक्षा और अभाव से भयभीत हैं, क्योंकि सप्ताहांत में हुए हमलों के बाद इज़राइल ने 20 लाख से अधिक लोगों वाले इस क्षेत्र में सभी सीमाएं बंद कर दी हैं। फलस्तीनियों ने ‘एसोसिएटेड प्रेस’ को बताया कि वे बाज़ारों की ओर दौड़ रहे थे, क्योंकि उन्हें पिछले साल इज़राइल की महीनों की नाकाबंदी के दौरान खाद्य पदार्थों के अभाव की यादें सता रही थीं। गाज़ा के एक हिस्से में भुखमरी की स्थिति पाई गई। खान यूनिस निवासी ओसमदा हनोदा ने कहा, ‘‘जब सीमाएं बंद हो गईं, तो बाजार में सब कुछ ठप हो गया। कीमतें बढ़ गईं और लोग बदहाली में जी रहे हैं।’’
Iran Israel War Update: बता दें कि इजराइल ने सोमवार तड़के लेबनान की राजधानी बेरूत पर लगातार हमले किए। ये हमले तब किए गए जब इससे पहले लेबनानी चरमपंथी संगठन हिजबुल्ला ने सीमा पार इजराइल की ओर मिसाइलें दागीं। इस बीच, इजराइली सेना ने लेबनान के लगभग 50 गांवों के लोगों से हमलों की आशंका के मद्देनजर सुरक्षित स्थानों पर चले जाने का आग्रह किया है। एक वर्ष से अधिक समय में यह पहला मौका है जब हिजबुल्ला ने इजराइल पर हमले की जिम्मेदारी ली है।
इजराइली सेना ने कहा कि उसने सीमा पार से आई एक मिसाइल को हवा में ही निष्क्रिय कर दिया, जबकि कई अन्य मिसाइलें खुले इलाकों में गिरीं। इन हमलों में किसी के घायल होने या नुकसान की सूचना नहीं है। हिजबुल्ला ने एक बयान में कहा कि ये हमले ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या और ‘‘इजराइल की बार-बार आक्रामक कार्रवाइयों’’ के जवाब में किए गए हैं।