ईरानी प्रतिनिधिमंडल ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री और सेना प्रमुख से मुलाकात की

Ads

ईरानी प्रतिनिधिमंडल ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री और सेना प्रमुख से मुलाकात की

  •  
  • Publish Date - April 11, 2026 / 07:49 PM IST,
    Updated On - April 11, 2026 / 07:49 PM IST

इस्लामाबाद, 11 अप्रैल (भाषा) ईरान के एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख आसिम मुनीर से मुलाकात की और अमेरिका के साथ शांति वार्ता तथा द्विपक्षीय मामलों से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की।

ईरानी प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार रात को अमेरिका के उपराष्ट्रपति जे डी वेंस के नेतृत्व वाले अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के साथ शांति वार्ता के लिए इस्लामाबाद पहुंचा। ईरानी प्रतिनिधिमंडल में संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बागेर गालिबफ और विदेश मंत्री अब्बास अराघची शामिल हैं।

प्रधानमंत्री शरीफ ने बुधवार को दो सप्ताह के युद्धविराम की घोषणा करते हुए कहा था कि अमेरिका और ईरान इस सप्ताहांत इस्लामाबाद में वार्ता करेंगे।

सरकारी ‘प्रेस टीवी’ ने बताया कि शनिवार सुबह ईरानी प्रतिनिधिमंडल ने प्रधानमंत्री शरीफ और सेना प्रमुख मुनीर समेत कई वरिष्ठ पाकिस्तानी नेताओं और सैन्य अधिकारियों से मुलाकात की। हालांकि उसने इस बारे में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी।

अमेरिका और इजराइल द्वारा 28 फरवरी को ईरान पर संयुक्त हमले किए जाने के बाद पश्चिम एशिया में युद्ध शुरू हुआ। इस युद्ध की शुरुआत के बाद ईरान और अमेरिका के बीच यह पहली उच्चस्तरीय वार्ता होगी।

विदेश कार्यालय ने एक बयान में कहा कि शरीफ ने उपराष्ट्रपति वेंस के नेतृत्व वाले अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के साथ भी बैठक की, जो वार्ता में भाग लेने के लिए दिन में पहले यहां पहुंचा था।

वेंस विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर समेत अमेरिका के कई वरिष्ठ अधिकारियों के साथ इस्लामाबाद पहुंचे।

बयान में कहा गया है, ‘‘दोनों प्रतिनिधिमंडलों की रचनात्मक रूप से बातचीत करने की प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए, प्रधानमंत्री ने उम्मीद व्यक्त की कि ये वार्ता क्षेत्र में स्थायी शांति की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।’’

शरीफ ने दोहराया कि पाकिस्तान दोनों पक्षों को एक स्थायी समाधान की दिशा में आगे बढ़ने के वास्ते मदद करने के लिए तत्पर है।

विदेश मंत्री इसहाक डार ने उम्मीद व्यक्त की कि दोनों पक्ष रचनात्मक रूप से वार्ता करेंगे।

भाषा

देवेंद्र रंजन

रंजन