(सागर कुलकर्णी)
वाशिंगटन, 29 मई (भाषा) पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने शुक्रवार को यहां इन खबरों के बीच अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो से मुलाकात की कि अमेरिका और ईरान तीन महीने से चल रहे युद्ध को समाप्त करने के लिए एक समझौते के करीब पहुंच गये हैं।
रूबियो के साथ डार की मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब कुछ समय पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने तीन महीने से चल रहे युद्ध को समाप्त करने पर केंद्रित अमेरिका-ईरान वार्ता में मध्यस्थता कर रहे देशों से अब्राहम समझौते में शामिल होने की अपील की थी।
अब्राहम समझौता इजराइल और अरब देशों के बीच राजनयिक, आर्थिक और सुरक्षा संबंध स्थापित करता है।
पश्चिम एशिया संघर्ष में पाकिस्तान एक मुख्य मध्यस्थ के रूप में उभरा है। पाकिस्तान ने इजराजल को बतौर देश मान्यता नहीं दी है तथा उसका उसके साथ राजनयिक संबंध नहीं है।
पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री डार, चीनी विदेश मंत्री वांग यी के निमंत्रण पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में ‘अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा बनाए रखने’ पर बहस में भाग लेने के लिए न्यूयॉर्क पहुंचे थे।
यह बहस मंगलवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की चीन की अध्यक्षता में हुई थी।
डार की रुबियो के साथ यह मुलाकात विदेश मंत्री एस जयशंकर द्वारा नई दिल्ली में आयोजित क्वाड विदेश मंत्रिस्तरीय बैठक के कुछ दिनों बाद हुई है।
भाषा
राजकुमार माधव
माधव