सिंगापुर, 29 मई (भाषा) रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने शुक्रवार को सिंगापुर में अमेरिकी हिंद-प्रशांत कमान के कमांडर एडमिरल सैमुअल जे पपारो से मुलाकात की और क्षेत्र में सुरक्षा चुनौतियों पर व्यापक चर्चा की।
भारतीय रक्षा मंत्रालय के जनसंपर्क निदेशालय ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि ‘शांगरी-ला संवाद 2026’ से इतर सिंह की पपारो के साथ हुई वार्ता हिंद-प्रशांत क्षेत्र में ‘‘सैन्य सहयोग को मजबूत करने और उभरती सुरक्षा चुनौतियों का समाधान करने’’ पर केंद्रित रही।
बैठक में भारत-अमेरिका रक्षा संबंधों को गहरा करने की ‘‘साझा प्रतिबद्धता’’ की पुष्टि ऐसे समय की गई जब हिंद-प्रशांत क्षेत्र वैश्विक रणनीतिक प्रतिस्पर्धा का प्रमुख अखाड़ा बनकर उभरा है।
इस सप्ताह की शुरुआत में, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने उल्लेख किया था कि वैश्विक समुद्री व्यापार का 60 प्रतिशत हिस्सा हिंद-प्रशांत क्षेत्र से होकर गुजरता है, जो वाशिंगटन के लिए इस क्षेत्र के महत्व को रेखांकित करता है।
सिंगापुर शिखर सम्मेलन के दौरान, सिंह ने नाटो सैन्य समिति के प्रमुख एडमिरल ग्यूसेप्पे कैवो ड्रैगन, कनाडा के राष्ट्रीय रक्षा उपमंत्री केल्विन ब्रोसो और सेशेल्स के रक्षा बलों के प्रमुख मेजर जनरल माइकल रोसेट के साथ भी अलग-अलग बैठकें कीं।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इन बैठकों के रक्षा सहयोग और सुरक्षा चुनौतियां पर चर्चा की गई।
सिंह ने प्रमुख विचारकों और शिक्षाविदों की एक सभा को भी संबोधित किया, जहां उन्होंने क्षेत्रीय सुरक्षा और रणनीतिक जुड़ाव के लिए भारत का दृष्टिकोण साझा किया।
बृहस्पतिवार को सिंह ने सिंगापुर के स्थायी सचिव (रक्षा) जोसेफ लियोंग के साथ 16वें रक्षा नीति संवाद की सह-अध्यक्षता की, जिसमें दोनों देशों के बीच मजबूत द्विपक्षीय रक्षा साझेदारी की पुष्टि की गई।
भाषा नेत्रपाल माधव
माधव