(सज्जाद हुसैन)
इस्लामाबाद, 25 अप्रैल (भाषा) ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने शनिवार को यहां पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात की।
यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब ईरान और अमेरिका के बीच दूसरे दौर की संभावित बातचीत को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।
मुलाकात के दौरान पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री मोहम्मद इसहाक डार और सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर भी मौजूद थे।
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने ‘एक्स’ पर जारी बयान में कहा, “ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची शरीफ से मुलाकात के लिए प्रधानमंत्री आवास पहुंचे और दोनों नेताओं के बीच बैठक हुई।”
बयान में कहा गया है, “इस बैठक में क्षेत्रीय स्थिति पर चर्चा की जाएगी।”
इससे पहले अराघची ने आसिम मुनीर और इसहाक डार से अलग-अलग मुलाकात की।
एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी के अनुसार, “अराघची ने मुनीर के साथ औपचारिक बातचीत के दौरान अमेरिका के साथ शांति वार्ता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।”
अराघची शुक्रवार देर रात पाकिस्तान पहुंचे थे।
इस बात को लेकर कोई स्पष्टता नहीं है कि इस दौरे के दौरान अमेरिका और ईरान के बीच सीधी बातचीत होगी या नहीं।
इससे पहले दिन में ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता बकाई ने सोशल मीडिया पर कहा कि ईरान और अमेरिका के बीच “कोई बैठक” प्रस्तावित नहीं है।
उन्होंने कहा, “पाकिस्तान को ईरान के विचारों से अवगत कराया जाएगा।”
इस्लामाबाद रवाना होने से पहले अराघची ने कहा था कि वह इस्लामाबाद, मस्कट और मॉस्को की समयोचित यात्रा पर जा रहे हैं।
उन्होंने कहा था कि उनके दौरे का उद्देश्य “अपने साझेदारों के साथ द्विपक्षीय मामलों पर करीबी समन्वय करना और क्षेत्रीय घटनाक्रम पर विचार-विमर्श करना” है।
भाषा जोहेब सुरेश
सुरेश