नई दिल्लीः Israel Iran War: अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच चल रही जंग का आज छटवां दिन है। इसके बाद भी हमले कम होने के बजाय तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। इस बीच अब एक बड़ी खबर सामने आई है। एक ईरानी सैन्य अधिकारी ने चेतावनी दी है कि अगर अमेरिका और इजराइल, ईरान में सत्ता परिवर्तन की कोशिश करते हैं, तो ईरान इजराइल के डिमोना परमाणु केंद्र को निशाना बना सकता है। ईरानी न्यूज एजेंसी ISNA के मुताबिक, अधिकारी ने कहा कि ऐसी किसी भी कोशिश की स्थिति में दक्षिणी इजराइल में स्थित इस न्यूक्लियर फैसिलिटी पर हमला किया जा सकता है।
Israel Iran War: ईरान ने सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के लिए आयोजित होने वाला शोक समारोह फिलहाल टाल दिया है। एक अधिकारी ने सरकारी टेलीविजन को बताया कि ये कार्यक्रम बुधवार से शुरू होने वाले थे और तीन दिन तक चलने वाले थे। अधिकारी ने कहा कि स्मृति समारोहों को अगली सूचना तक स्थगित कर दिया गया है, हालांकि इनके आयोजन की तैयारियां जारी हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, समारोह को टालने का कारण बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना और उसके लिए जरूरी व्यवस्थाएं करना बताया गया है। नई तारीख बाद में घोषित की जाएगी। पहले योजना थी कि तेहरान के इमाम खोमेनी मसल्ला (प्रेयर हॉल) में तीन दिनों तक लोगों को खामेनेई के पार्थिव शरीर के दर्शन के लिए इजाजत दी जाएगी।
शनिवार 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल ने मिलकर ईरान पर हमला कर दिया था। इन हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर समेत कई अधिकारी और नेता भी मारे गए हैं। इस हमले के बाद से ही ट्रंप प्रशासन कांग्रेस का समर्थन में जुटाने में लग गए थे। रक्षा मंत्री हेगसेथ ने कहा कि यह युद्ध आठ हफ्तों तक चल सकता है, जो पहले बताए गए समय से ज्यादा है। ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के चेयरमैन जनरल डैन केन ने कहा कि अमेरिकी सैनिक अब भी खतरे में हैं और जोखिम बना हुआ है। इस हफ्ते में कुवैत में ड्रोन हमले में 6 अमेरिकी सैनिकों की मौत हो गई है।