इजरायल: लोकप्रिय पुलिस प्रमुख के जबरन इस्तीफे के बाद प्रदर्शनकारियों ने राजमार्ग अवरुद्ध किया

Ads

इजरायल: लोकप्रिय पुलिस प्रमुख के जबरन इस्तीफे के बाद प्रदर्शनकारियों ने राजमार्ग अवरुद्ध किया

  •  
  • Publish Date - July 6, 2023 / 02:30 PM IST,
    Updated On - July 6, 2023 / 02:30 PM IST

तेल अवीव, छह जुलाई (एपी) इजरायल के तेल अवीव शहर के एक लोकप्रिय पुलिस प्रमुख के जबरन इस्तीफे के बाद हजारों प्रदर्शनकारियों ने यहां के मुख्य राजमार्ग और प्रमुख चौराहों को अवरुद्ध कर दिया।

पुलिस प्रमुख एमी एशेद ने बुधवार देर रात घोषणा की कि वह राजनीतिक दबाव के कारण इजरायली पुलिस बल छोड़ रहे हैं। एशेद का इजरायल के राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतामार बेन-गविर के साथ अक्सर टकराव होता रहा है।

मंत्री ने मांग की थी कि पुलिस, महीनों से चल रहे सरकार विरोधी प्रदर्शनों के खिलाफ सख्त रुख अपनाए।

एशेद ने कहा, ‘मैं गृहयुद्ध को टालने के अपने फैसले की व्यक्तिगत रूप से कीमत चुका रहा हूं।’

बुधवार को हजारों प्रदर्शनकारियों ने अयालोन राजमार्ग को अवरुद्ध कर दिया, जिससे सामान्य आवाजाही वाले मार्ग पर यातायात रुक गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने हार्न बजाए, सड़क पर नृत्य किये और कई जगहों पर अलाव जलाए।

घोड़े पर सवार कुछ पुलिसकर्मियों ने भीड़ को पीछे हटाने का प्रयास किया और प्रदर्शनकारियों पर पानी की बौछार भी की।

गौरतलब है कि इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की नई सरकार द्वारा जनवरी में देश की न्यायिक प्रणाली में बदलाव की योजना की घोषणा के बाद से ही हजारों इजरायली नागरिक सड़कों पर उतर आए हैं। भीड़ ने सड़कों को अवरुद्ध कर दिया, देश के मुख्य हवाई अड्डे को बाधित कर दिया ।

बेन-गविर ने इस्तीफे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राजनीति ने पुलिस बल के ‘सबसे वरिष्ठ रैंक में घुसपैठ’ कर ली है और कहा कि एशेद ने वामपंथी राजनेताओं के सामने ‘पूर्ण आत्मसमर्पण’ कर दिया है।

एपी साजन शोभना

शोभना