जयशंकर ने गुतारेस से की मुलाकात, जारी संघर्षों और ग्लोबल साउथ पर प्रभाव को लेकर चर्चा

जयशंकर ने गुतारेस से की मुलाकात, जारी संघर्षों और ग्लोबल साउथ पर प्रभाव को लेकर चर्चा

जयशंकर ने गुतारेस से की मुलाकात, जारी संघर्षों और ग्लोबल साउथ पर प्रभाव को लेकर चर्चा
Modified Date: September 30, 2026 / 11:22 am IST
Published Date: September 30, 2026 11:22 am IST

(योषिता सिंह)

संयुक्त राष्ट्र, 30 सितंबर (भाषा) विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस से मुलाकात की और दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया की स्थिति सहित जारी संघर्षों तथा उनके ‘ग्लोबल साउथ’ के देशों पर पड़ने वाले प्रभावों पर चर्चा की।

‘ग्लोबल साउथ’ शब्द का इस्तेमाल आम तौर पर आर्थिक रूप से कम विकसित देशों को संदर्भित करने के लिए किया जाता है।

जयशंकर ने मंगलवार को संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में महासचिव गुतारेस से मुलाकात की। इसके साथ ही उन्होंने संयुक्त राष्ट्र महासभा के उच्चस्तरीय सप्ताह के दौरान अपने कार्यक्रमों का समापन किया।

जयशंकर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आज संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस से मिलकर खुशी हुई। हमारी चर्चा जारी संघर्षों और उनके प्रभाव को कम करने की आवश्यकता पर केंद्रित रही, खासकर ‘ग्लोबल साउथ’ के देशों पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर।’’

महासचिव कार्यालय की ओर से जारी बैठक के विवरण के अनुसार, गुतारेस और जयशंकर ने ‘‘बहुपक्षवाद, भारत-संयुक्त राष्ट्र सहयोग और यूक्रेन में युद्ध तथा पश्चिम एशिया की स्थिति सहित भू-राजनीतिक घटनाक्रमों’’ पर चर्चा की।

बयान में कहा गया है कि महासचिव ने संयुक्त राष्ट्र के साथ भारत के सहयोग की सराहना की।

शनिवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा की आम बहस में भारत की ओर से वक्तव्य देते हुए जयशंकर ने विश्व संगठन के प्रमुख के रूप में गुतारेस की सेवाओं की सराहना की थी। गुतारेस का महासचिव के रूप में कार्यकाल दिसंबर में समाप्त होने वाला है।

उन्होंने कहा था, ‘‘बहुपक्षवाद के उद्देश्य के लिए एक दशक तक सेवा और समर्पण के बाद, हम जल्द ही महासचिव एंतोनियो गुतारेस को विदाई देंगे। भारत उनके कई योगदानों को बहुत महत्व देता है, विशेष रूप से ‘मिशन लाइफ’ के लिए उनके व्यक्तिगत समर्थन को।’’

यह गुतारेस के लिए संयुक्त राष्ट्र महासभा के उच्चस्तरीय सप्ताह का अंतिम अवसर था। संयुक्त राष्ट्र प्रमुख के रूप में उनका दूसरा पांच वर्षीय कार्यकाल दिसंबर 2026 में समाप्त हो रहा है।

गुतारेस इस महीने की शुरुआत में ब्रिक्स नेताओं के शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए भारत आए थे।

‘एशिया सोसाइटी’ के साथ बातचीत के दौरान जयशंकर ने कहा कि उन्होंने ‘‘वास्तव में बेहद व्यस्त सप्ताह’’ के दौरान करीब 85-90 समकक्षों के साथ बैठकें कीं।

भाषा गोला वैभव

वैभव


लेखक के बारे में