जयशंकर ने ओमान के विदेश मंत्री से मुलाकात की, पश्चिम एशिया की स्थिति पर हुई चर्चा

Ads

जयशंकर ने ओमान के विदेश मंत्री से मुलाकात की, पश्चिम एशिया की स्थिति पर हुई चर्चा

  •  
  • Publish Date - July 23, 2026 / 08:18 PM IST,
    Updated On - July 23, 2026 / 08:18 PM IST

मनीला, 23 जुलाई (भाषा) विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बृहस्पतिवार को ओमान के अपने समकक्ष सैयद बद्र बिन हमद अल बुसैदी से मुलाकात की और पश्चिम एशिया के संकट तथा क्षेत्र में बदलते घटनाक्रम पर चर्चा की।

फिलीपीन की राजधानी मनीला में मौजूद जयशंकर ने दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों का संगठन (आसियान) से जुड़ी बैठकों के दौरान नीदरलैंड, पापुआ न्यू गिनी और ब्रुनेई के विदेश मंत्रियों के साथ-साथ अन्य नेताओं से भी मुलाकात की।

जयशंकर ने यहां फिलीपीन के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर से भी मुलाकात की।

जयशंकर और अल बुसैदी की यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब अमेरिका और ईरान द्वारा सैन्य गतिविधियां बढ़ाने से पश्चिम एशिया में तनाव फिर से बढ़ गया है। जहां अमेरिकी सेना ईरान के पुलों, जलापूर्ति संयंत्रों और बिजली सुविधाओं को निशाना बना रही है, वहीं तेहरान भी पश्चिम एशिया में सहयोगी देशों में मौजूद अमेरिकी ठिकानों पर हमले कर रहा है।

जयशंकर ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मनीला में ओमान के विदेश मंत्री सैयद बद्र बिन हमद अल बुसैदी के साथ मुलाकात अच्छी रही। खाड़ी क्षेत्र में हालिया घटनाक्रम पर विचारों का आदान-प्रदान किया। संपर्क में बने रहने पर सहमति बनी।’’

फिलीपीन के राष्ट्रपति के साथ अपनी बैठक में, जयशंकर ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से शुभकामनाएं दीं और आसियान की अध्यक्षता के सफल संचालन के लिए भारत का समर्थन व्यक्त किया।

जयशंकर ने कहा, ‘‘मैंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की हालिया नीदरलैंड यात्रा के नतीजों के बारे में विदेश मंत्री टॉम बेरेन्डसेन से बातचीत की। हमारे रिश्तों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक ले जाने से सहयोग के नए रास्ते खुले हैं, जिनमें सेमीकंडक्टर, जल संसाधन, हरित हाइड्रोजन, स्वास्थ्य और संस्कृति जैसे क्षेत्र शामिल हैं।’’

ब्रुनेई के विदेश मंत्री अब्दुल मतीन के साथ अपनी बैठक में, जयशंकर ने द्विपक्षीय और बहुपक्षीय सहयोग को और गहरा करने के तरीकों पर चर्चा की।

भाषा शफीक नरेश

नरेश