वाशिंगटन, 23 जुलाई (एपी) अमेरिकी संसद के निचले सदन प्रतिनिधि सभा ने बृहस्पतिवार को बहुत कम मतों के अंतर से एक प्रस्ताव पारित किया, जिसका उद्देश्य ईरान में अमेरिका की सैन्य कार्रवाई को रोकना है।
मतदान के दौरान प्रस्ताव के पक्ष में 214 जबकि विरोध में 208 मत डाले गए। प्रस्ताव में कहा गया है कि युद्ध जारी रखने के लिए संसद की मंजूरी जरूरी होगी। संसद के उच्च सदन सीनेट में भी बृहस्पतिवार सुबह इसी तरह के एक प्रस्ताव पर विचार होने की उम्मीद है।
हालांकि, डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से पेश किए गए ये प्रस्ताव मुख्य रूप से प्रतीकात्मक माने जा रहे हैं। इनका उद्देश्य रिपब्लिकन पार्टी के नेता तथा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को यह मजबूत संदेश देना है कि जैसे-जैसे युद्ध लंबा खिंच रहा है, संसद में उनका समर्थन कम हो रहा है। दोनों दलों के कई सांसद उनकी सरकार की आगे की रणनीति पर सवाल उठा रहे हैं।
वाशिंगटन से डेमोक्रेटिक पार्टी की सांसद प्रमिला जयपाल ने प्रतिनिधि सभा में यह प्रस्ताव पेश किया।
उन्होंने कहा, ‘इस युद्ध का न तो कोई स्पष्ट उद्देश्य है, न कोई रणनीति और न ही इसे खत्म करने की कोई योजना है।’
यह प्रस्ताव बहुत कम अंतर से पारित हुआ। युद्ध खत्म करने के पक्ष में कुछ रिपब्लिकन सांसदों ने भी डेमोक्रेट सांसदों के साथ मिलकर मतदान किया।
हालांकि, अधिकांश रिपब्लिकन सांसदों ने युद्ध का समर्थन किया और युद्ध संबंधी संसद की शक्तियां राष्ट्रपति ट्रंप को सौंपने के पक्ष में मतदान किया।
एपी जोहेब सुरेश
सुरेश