पश्चिम एशिया में तनाव कम करने के लिए पाकिस्तान की मध्यस्थता का जापान ने किया समर्थन

Ads

पश्चिम एशिया में तनाव कम करने के लिए पाकिस्तान की मध्यस्थता का जापान ने किया समर्थन

  •  
  • Publish Date - April 13, 2026 / 09:31 PM IST,
    Updated On - April 13, 2026 / 09:31 PM IST

(सज्जाद हुसैन)

इस्लामाबाद, 13 अप्रैल (भाषा) जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची ने सोमवार को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से फोन पर बातचीत की तथा पश्चिम एशिया में तनाव कम करने के लिए अमेरिका और ईरान के बीच पाकिस्तान की मध्यस्थता के प्रयासों का समर्थन किया।

प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा जारी बयान के अनुसार, दोनों नेताओं ने हाल ही में पाकिस्तान द्वारा आयोजित अमेरिका-ईरान वार्ता (इस्लामाबाद वार्ता) पर चर्चा की।

प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक, ‘‘जापान की प्रधानमंत्री ने पाकिस्तान की कूटनीतिक भूमिका की सराहना करते हुए युद्ध विराम और वार्ता को सुगम बनाने के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने क्षेत्रीय स्थिरता और वैश्विक ऊर्जा सुरक्षा के लिए इस प्रक्रिया को महत्वपूर्ण बताया और जापान के पूर्ण समर्थन की पुष्टि की।’’

ताकाइची ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने जापान का यह रुख दोहराया कि आगे की दिशा में सबसे महत्वपूर्ण कदम तनाव कम करना है, जिसमें होर्मुज जलडमरूमध्य में नौवहन की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी शामिल है।

उन्होंने कहा कि वार्ता के माध्यम से शीघ्र अंतिम समझौते तक पहुंचना आवश्यक है। ताकाइची ने यह भी बताया कि जापान अब तक अमेरिका और ईरान दोनों के साथ शीर्ष स्तर पर संपर्क बनाए हुए है तथा तनाव कम करने के लिए कूटनीतिक प्रयास तेज किए गए हैं।

जापानी प्रधानमंत्री की शुभकामनाओं के लिए उन्हें धन्यवाद देते हुए प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा कि वह इस्लामाबाद में हुई व्यापक चर्चाओं के लिए अमेरिकी और ईरानी दोनों प्रतिनिधिमंडलों के प्रति आभारी हैं।

शरीफ ने कहा कि पाकिस्तान युद्ध विराम को बनाए रखने के प्रयास जारी रखेगा और क्षेत्रीय शांति के लिए काम करता रहेगा। दोनों नेताओं ने पाकिस्तान और जापान के द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने की इच्छा भी व्यक्त की, जिसका जापान की प्रधानमंत्री ने भी समर्थन किया।

प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, दोनों नेताओं ने आपसी संपर्क और समन्वय बनाए रखने पर सहमति जताई।

भाषा रवि कांत रवि कांत दिलीप

दिलीप