चुनाव में हार स्वीकार करने के संबंध में कुशनर ने ट्रंप से बात की

Ads

चुनाव में हार स्वीकार करने के संबंध में कुशनर ने ट्रंप से बात की

  •  
  • Publish Date - November 8, 2020 / 04:36 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:46 PM IST

वाशिंगटन, आठ नवंबर (भाषा) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद तथा वरिष्ठ सलाहकार जेरेड कुशनर ने चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता जो बाइडेन से करीबी मुकाबले में मिली हार को स्वीकार करने के सिलसिले में ट्रंप से बात की है। रविवार को मीडिया में आईं खबरों में यह बात कही गई है।

गौरतलब है कि ट्रंप ने कहा था कि बाइेडन ”जल्दबाजी में गलत तरीके से खुद को विजेता बता रहे हैं” और चुनावी दौड़ ”अभी खत्म नहीं हुई है।” ट्रंप के उस बयान के बाद कुशनर ने उनसे मुलाकात की है।

सीएनएन ने दो अज्ञात सूत्रों के हवाले से कहा है कि कुशनर ने हार स्वीकार करने के लिये ट्रंप से बात की है।

एसोसिएटेड प्रेस ने भी रविवार को खबर दी कि कुशनर और अन्य लोगों ने राष्ट्रपति से चुनाव नतीजों को स्वीकार करने का अनुरोध किया।

ट्रंप ने एक बयान में कहा था, ”जब तक अमेरिकी जनता के वोटों की ईमानदारी से गिनती नहीं हो जाती, तब तक मैं हार नहीं मानूंगा। वे इसके हकदार हैं और यह लोकतंत्र का तकाजा है।”

उन्होंने कहा था कि वह सोमवार से कानूनी लड़ाई भी शुरू करेंगे।

सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार पेन्सिलवेनिया राज्य में जीत दर्ज करने के बाद 77 वर्षीय पूर्व उपराष्ट्रपति बाइडेन अमेरिका के 46वें राष्ट्रपति होंगे। इस राज्य में जीत के बाद बाइडेन को 270 से अधिक ‘इलेक्टोरल कॉलेज वोट’ मिल गये, जो जीत के लिए जरूरी थे।

हालांकि ट्रंप ने हार मानने से न केवल इनकार किया बल्कि अपनी जीत का दावा भी किया था।

जिस वक्त प्रमुख मीडिया संस्थानों ने बाइडेन की जीत की खबर जारी की, उस वक्त ट्रंप वर्जीनिया में गोल्फ खेल रहे थे।

भाषा

देवेंद्र दिलीप

दिलीप