दक्षिणी नेपाल में भूमिहीन लोगों ने बेदखली के खिलाफ रैली निकाली

Ads

दक्षिणी नेपाल में भूमिहीन लोगों ने बेदखली के खिलाफ रैली निकाली

  •  
  • Publish Date - May 17, 2026 / 10:15 PM IST,
    Updated On - May 17, 2026 / 10:15 PM IST

काठमांडू, 17 मई (भाषा) नेपाल के दक्षिणी हिस्से में स्थित लुम्बिनी प्रांत में रविवार को हजारों भूमिहीन लोगों ने सरकार के जारी बेदखली अभियान के खिलाफ रैली निकाली। प्रदर्शनकारियों का दावा है कि इस अभियान के कारण काठमांडू समेत पूरे देश में लाखों लोग विस्थापित हुए हैं।

नेपाल, खासकर राजधानी में, प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा अप्रैल से सौंदर्यीकरण और पर्यावरण संरक्षण के नाम पर बेदखली और ध्वस्तीकरण अभियान के कारण विस्थापित हुए लोगों के कई विरोध प्रदर्शन हुए हैं।

आयोजकों के बयान के अनुसार, नेपाल के 22 जिलों से करीब 25,000 भूमिहीन लोगों ने लुम्बिनी प्रांत के बुटावल में आयोजित विरोध रैली में हिस्सा लिया। इस रैली का आयोजन ‘भूमिहीन संघर्ष समिति, रुपन्देही’ ने किया था।

संघर्ष समिति के संयोजक खगेन्द्र संग्रौला ने दावा किया कि सरकार द्वारा बिना पर्याप्त तैयारी और वैकल्पिक व्यवस्था के शुरू किए गए बेदखली अभियान से प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से 10 लाख से अधिक परिवार प्रभावित हुए हैं।

नेपाली कांग्रेस, सीपीएन-यूएमएल, नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी, श्रम संस्कृति पार्टी, राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी सहित 12 राजनीतिक दलों ने प्रदर्शन में अपनी एकजुटता दिखाई है।

अकेले काठमांडू में ही सरकार की बेदखली की कार्रवाई के कारण 20,000 से अधिक लोग विस्थापित हो गए हैं, जहां लगभग 4,000 ढांचों को ध्वस्त कर दिया गया।

चार मई को नेपाल के उच्चतम न्यायालय ने अंतरिम आदेश जारी करते हुए सरकार को निर्देश दिया कि बिना उचित पुनर्वास योजना के किसी भी अतिक्रमणकारी को हटाया न जाए।

भाषा आशीष नरेश

नरेश