मुंबई, 17 मई (भाषा) मुंबई के पूर्वी उपनगर विक्रोली में मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना के तहत सुरंग निर्माण के लिए पहली ‘टनल बोरिंग मशीन (टीबीएम)’ का ‘कटरहेड’ (खुदाई करने वाला उपकरण) नीचे उतारा गया है। नेशनल हाई स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एनएचएसआरसीएल) ने रविवार को यह जानकारी दी।
एनएचएसआरसीएल के बयान के अनुसार, 13.6 मीटर व्यास और 350 टन वजन वाले ‘कटरहेड’ को नीचे उतारा गया, जो हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर परियोजना के लिए टीबीएम के मुख्य शील्ड की प्राथमिक असेंबली का अंतिम चरण है।
बयान में कहा गया है कि 21 किलोमीटर लंबी सुरंग के 16 किलोमीटर खंड के निर्माण के लिए दो टीबीएम मशीन को जोड़ा जा रहा है, जिनमें से प्रत्येक का वजन 3,000 टन से अधिक है।
इस खंड में ठाणे क्रीक के नीचे सात किलोमीटर लंबी समुद्री सुरंग भी शामिल है, जो भारत की पहली समुद्री रेल सुरंग होगी।
बयान में कहा गया है, ‘‘टीबीएम देश में रेल सुरंग निर्माण के लिए अब तक तैनात की गई सबसे बड़ी मशीन है। इसके ‘कटरहेड’ को इस तरह से डिजाइन किया गया है कि यह बुलेट ट्रेन कॉरिडोर की ‘अप’ और ‘डाउन’ दोनों लाइन को समाहित करने के लिए पर्याप्त बड़ी सुरंग की खुदाई कर सके।’’
भाषा आशीष पारुल
पारुल