मॉस्को/नयी दिल्ली, 17 मई (भाषा) रूस के मॉस्को क्षेत्र में ड्रोन हमले में एक भारतीय श्रमिक की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। रूस स्थित भारतीय दूतावास ने रविवार को यह जानकारी दी।
रूसी मीडिया ने बताया कि शनिवार रात को मॉस्को क्षेत्र में यूक्रेनी ड्रोन हमले में तीन लोग मारे गए और छह अन्य घायल हो गए। मृतकों की राष्ट्रीयता का खुलासा नहीं किया गया।
यह घटना रूस और यूक्रेन के बीच बढ़ते तनाव के बीच हुई है।
यूक्रेन ने रात भर मॉस्को क्षेत्र में कई ठिकानों को निशाना बनाकर हमले किए।
रूस स्थित भारतीय दूतावास ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “आज सुबह मॉस्को क्षेत्र में हुए ड्रोन हमले में एक भारतीय श्रमिक की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। दूतावास के अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया और अस्पताल में घायल श्रमिकों से मुलाकात की।”
दूतावास ने मृतकों और घायलों की पहचान उजागर न करते हुए कहा, “दूतावास इस दुखद घटना के प्रति संवेदना व्यक्त करता है और कंपनी प्रबंधन तथा स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर श्रमिकों को आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए काम कर रहा है।”
नयी दिल्ली स्थित रूसी दूतावास ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में भारतीय नागरिक की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया।
इसमें कहा गया, ‘रूसी दूतावास भारतीय श्रमिक की मौत पर शोक व्यक्त करता है और मॉस्को क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं पर यूक्रेनी हमले में घायल हुए लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता है।’
पोस्ट के अनुसार, “प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, मॉस्को शहर में 12 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जबकि मॉस्को क्षेत्र में तीन लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए।”
रूस की तास समाचार एजेंसी के अनुसार, महापौर सर्गेई सोब्यानिन ने बताया कि रूसी वायु रक्षा ने पिछले 24 घंटों में मॉस्को की ओर आ रहे 120 से अधिक ड्रोनों को मार गिराया।
एजेंसी के अनुसार, मायतिशची इलाके में निर्माणाधीन मकान पर ड्रोन का मलबा गिरने से दो लोगों की मौत हो गई।
तीन साल से अधिक समय से चल रहे इस संघर्ष के वार्ता के जरिए समाधान के लिए राजनयिक प्रयास जारी रहने के बावजूद, रूस और यूक्रेन ने हाल के महीनों में लंबी दूरी के ड्रोन और मिसाइल हमलों को तेज कर दिया है।
भाषा
राखी नरेश
नरेश