मेटा, स्नैपचैट,यूट्यूब सोशल मीडिया पर बच्चों को प्रतिबंधित करने पर पूरा अमल नहीं कर रहे: ऑस्ट्रेलिया

Ads

मेटा, स्नैपचैट,यूट्यूब सोशल मीडिया पर बच्चों को प्रतिबंधित करने पर पूरा अमल नहीं कर रहे: ऑस्ट्रेलिया

  •  
  • Publish Date - March 31, 2026 / 02:06 PM IST,
    Updated On - March 31, 2026 / 02:06 PM IST

मेलबर्न, 31 मार्च (एपी) ऑस्ट्रेलिया की ऑनलाइन सुरक्षा एजेंसी ने मंगलवार को कहा कि वह फेसबुक, इंस्टाग्राम, स्नैपचैट, टिकटॉक और यूट्यूब के खिलाफ अदालत जाने पर विचार कर रही है, क्योंकि ये सोशल मीडिया मंच 16 साल से कम उम्र के बच्चों को अपने प्लेटफॉर्म पर खाता रखने से रोकने के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठा रहे हैं।

ऑस्ट्रेलियाई कानून 10 दिसंबर, 2025 से प्रभावी हुआ था, जिसमें 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर खाता रखना प्रतिबंधित किया गया। ई-सेफ्टी आयुक्त जूली इंमान ग्रांट ने इस कानून के लागू होने के बाद पहली बार अनुपालन रिपोर्ट जारी की, जिसमें दस सोशल मीडिया मंचों से सभी ऑस्ट्रेलियाई बच्चों के खाते हटाने की मांग की गई थी।

रिपोर्ट में कहा गया कि अब तक लगभग 50 लाख ऑस्ट्रेलियाई खातों को निष्क्रिय किया गया है, लेकिन बहुत से बच्चे अब भी खाते बनाए रखे हैं, वे नए-नए खाते बना रहे हैं और प्लेटफॉर्म की उम्र सत्यापन प्रणालियों को पार कर रहे हैं।

ग्रांट ने कहा कि उन्हें इन दस सोशल मीडिया मंच में से आधे के अनुपालन पर “गंभीर चिंता” है और उनकी टीम उन पांच मंचों के खिलाफ साक्ष्य एकत्र कर रही है, जिन्होंने बच्चों के खातों को रोकने के लिए “उचित कदम” नहीं उठाए।

यदि अदालत यह पाती है कि सोशल मीडिया मंचों ने चरणबद्ध तरीके से कानून का पालन नहीं किया, तो उन पर 4.95 करोड़ ऑस्ट्रेलियाई डॉलर तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। ईसेफ्टी जून तक यह तय करेगा कि किन सोशल मीडिया मंचों के खिलाफ अदालती कार्रवाई की जाए।

उन सोशल मीडिया मंचों पर फिलहाल कार्रवाई नहीं की जा रही जिनमें रेडिट, एक्स, किक थ्रेड्स और ट्विच शामिल हैं।

संचार मंत्री अनिका वेल्स ने कहा कि आलोचना किए गए पांच सोशल मीडिया मंच जानबूझकर ऑस्ट्रेलियाई कानून का पालन नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “सोशल मीडिया मंच न्यूनतम प्रयास कर रहे हैं ताकि ये कानून विफल हों। यह दुनिया में पहले लागू कानून है, और वे नहीं चाहते कि यह काम करे क्योंकि अन्य देशों में भी इसका अनुकरण हो सकता है।”

रिपोर्ट में प्लेटफॉर्म्स की “खराब प्रथाओं” का भी उल्लेख है, जैसे कि उपयोगकर्ताओं को उम्र सत्यापन विधियों को अनंत बार आजमाने देना, या उपयोगकर्ता ने खुद को कम उम्र का घोषित किया हो तब भी उसे प्रयास करने के लिए प्रोत्साहित करना।

मेटा ने कहा कि वह ऑस्ट्रेलिया के सोशल मीडिया प्रतिबंध का पालन करने के लिए प्रतिबद्ध है, हालांकि उन्होंने स्वीकार किया कि ऑनलाइन उम्र निर्धारित करना पूरी इंडस्ट्री के लिए चुनौतीपूर्ण है।

स्नैप इंक ने कहा कि उसने 450,000 खाते लॉक किए हैं और रोज़ाना और लॉक कर रहा है।

टिकटॉक ने टिप्पणी नहीं की और अल्फाबेट (यूट्यूब और गूगल के मालिक) ने तुरंत प्रतिक्रिया नहीं दी।

एपी मनीषा संतोष

संतोष