दुबई, चार मार्च (एपी) इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने चेतावनी दी ईरान द्वारा जिसे देश का अगला सर्वोच्च नेता चुना जाएगा, उसका ‘‘खात्मा हमारा लक्ष्य’’ होगा।
काट्ज ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘इजराइल के खिलाफ योजना को आगे बढ़ाने, अमेरिका और आजाद दुनिया व क्षेत्र के देशों को धमकाने और ईरानी जनता की आवाज को दबाने के लिए ईरानी आतंकी शासन द्वारा जो भी नेता नियुक्त किया जाएगा, उसका खात्मा हमारा लक्ष्य होगा।’’
इजराइल के रक्षा मंत्री का यह बयान ईरान के साथ अमेरिका और इजराइल की जंग के पांचवें दिन में प्रवेश करने के बीच आया। बुधवार को तेहरान में धमाकों की आवाजें सुनी गईं।
ईरान के सरकारी टीवी ने बताया कि सुबह के समय तेहरान के आसपास विस्फोट हुए। वहीं, इजराइल ने कहा कि ईरान की ओर से दागी गई मिसाइलों के कारण उसे अपनी हवाई सुरक्षा प्रणाली को सक्रिय करना पड़ा। इसके अलावा, इजराइल की राजधानी यरूशलम के आसपास भी धमाकों की आवाज सनाई दी।
इजराइली सेना ने बुधवार को कहा कि उसने ईरान की राजधानी में उसके सुरक्षा बलों को निशाना बनाकर कई हमले किए।
इसने कहा कि उसने ईरान के ‘रेवोल्यूशनरी गार्ड’ की स्वैच्छिक सेवा देने वाली सेना ‘बासिज’ से जुड़ी इमारतों को निशाना बनाया।
इज़राइली सेना ने यह भी कहा कि उसने ईरान की आंतरिक सुरक्षा कमान से जुड़ी इमारतों को निशाना बनाया।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया कि यह जंग कई हफ्तों या उससे भी अधिक समय तक जारी रह सकती है। इस युद्ध में अभी तक ईरान में लगभग 800 लोग मारे जा चुके हैं। इनमें कुछ ऐसे भी शामिल हैं जिन्हें ट्रंप ने देश के संभावित भविष्य के नेता माना था।
इजराइल ने कहा कि हिजबुल्ला के लड़ाकों के खिलाफ जवाबी कार्रवाई करते हुए उसने लेबनान में कई ठिकानों पर हमले किए। लेबनान के सरकारी मीडिया ने बताया कि बालबेक शहर में एक रिहायशी इमारत पर इज़राइल के हमले में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई।
लेबनान में रातभर किए गए हमलों में कई शहर और राजधानी के पास के एक होटल को भी निशाना बनाया गया।
लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार सुबह बताया कि बेरूत के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के ठीक दक्षिण में अरामून और सादियात शहरों में हुए इजराइली हमलों में कम से कम छह लोग मारे गए तथा आठ अन्य घायल हुए।
इजराइल ने बेरूत के उपनगर हजमी में एक होटल पर भी हमला किया। हालांकि वहां से फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं आई है।
इराक में ईरान समर्थित एक चरमपंथी समूह ने कहा कि उसने जॉर्डन की ओर ड्रोन दागे।
सराया अवलिया अल-दम ने कहा कि “एक महत्वपूर्ण लक्ष्य” को साधते हुए ड्रोन दागे गए।
बुधवार को जॉर्डन के सरकारी टीवी ने अपनी खबर में बताया कि पूरे देश में हवाई हमले के सायरन बजने लगे।
एक दिन पहले, इजराइल ने ईरान के मिसाइल दागने वाले ठिकानों और एक परमाणु अनुसंधान केंद्र पर हवाई हमले किए थे। इसके जवाब में ईरान ने इज़राइल और अन्य स्थानों, अमेरिकी दूतावासों को निशाना बनाते हुए ऊर्जा आपूर्ति और यात्रा व्यवस्था को प्रभावित किया।
सऊदी अरब में अमेरिकी दूतावास और संयुक्त अरब अमीरात में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास पर ड्रोन हमले किए गए। ईरान ने इजराइल पर दर्जनों बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं, हालांकि उनमें से ज्यादातर को हवा में ही निष्क्रिय कर दिया गया। संघर्ष शुरू होने के बाद से इज़राइल में 11 लोगों की मौत हो चुकी है।
अन्य घटनाक्रम में, अमेरिकी रक्षा विभाग ‘पेंटागन’ ने रविवार को कुवैत में एक कमान सेंटर पर हुए ड्रोन हमले में मारे गए अमेरिकी आर्मी रिजर्व के चार सैनिकों की पहचान जारी की।
ईरान में संभावित नेताओं के बारे में ट्रंप ने कहा, “जिन लोगों के बारे में हमने सोचा था, वे मर चुके हैं।”
एपी खारी हक
हक