कोलंबिया में शक्तिशाली भूकंप के बाद 3,000 से अधिक लोगों की तलाश जारी, मृतकों की संख्या 100 के पार

कोलंबिया में शक्तिशाली भूकंप के बाद 3,000 से अधिक लोगों की तलाश जारी, मृतकों की संख्या 100 के पार

कोलंबिया में शक्तिशाली भूकंप के बाद 3,000 से अधिक लोगों की तलाश जारी, मृतकों की संख्या 100 के पार
Modified Date: August 11, 2026 / 07:19 pm IST
Published Date: August 11, 2026 7:19 pm IST

बोगोटा (कोलंबिया), 11 अगस्त (एपी) पश्चिमी कोलंबिया के कई शहरों और कस्बों में सोमवार को आए 7.4 तीव्रता के भूकंप के बाद मंगलवार को खोज और बचाव अभियान फिर से शुरू किया गया। भूकंप के कारण 3,000 से अधिक लोग लापता हैं और बड़ी संख्या में लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है।

कैली, पेरेइरा, चोको और मानिजालेस के मेयर और गवर्नर ने मंगलवार को बताया कि इन चार क्षेत्रों में कम से कम 179 लोगों की मौत हुई है। वहीं, संघीय सरकार ने सोमवार को जारी अपने अंतिम आधिकारिक आंकड़े में मृतकों की संख्या 111 बताई थी।

करीब 1,600 इमारतों के क्षतिग्रस्त होने या ढह जाने की खबर है। सैनिक, बचावकर्मी और स्थानीय लोग मलबा हटाने में जुटे हैं। स्वयंसेवकों की कतार बनाकर कंक्रीट के बड़े-बड़े टुकड़े हाथों से हटाए जा रहे हैं।

भूकंप का केंद्र रहे चोको क्षेत्र कोलंबिया के सबसे गरीब और उपेक्षित इलाकों में से एक है, जहां अक्सर सशस्त्र समूहों के बीच संघर्ष होता रहता है। इस क्षेत्र के अधिकांश हिस्सों तक केवल नाव, जंगल के रास्ते या हवाई मार्ग से ही पहुंचा जा सकता है, इसलिए वहां हुए नुकसान की पूरी जानकारी अभी नहीं मिल सकी है।

कोलंबिया के नए राष्ट्रपति अबेलार्डो डे ला एस्प्रिएला सोमवार रात चोको की राजधानी क्विब्डो पहुंचे और उन्होंने राहत कार्यों के लिए सेना, पुलिस, इंजीनियरों, बचावकर्मियों और खोजी कुत्तों की व्यापक तैनाती की घोषणा की।

शुक्रवार को शपथ लेने वाले डे ला एस्प्रिएला के लिए यह पहली बड़ी आपदा परीक्षा मानी जा रही है। अपराधी समूहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के उनके वादे के कारण वह पहले से ही विवादों में रहे हैं।

स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, लगभग 7,000 आबादी वाले एल काइरो कस्बे का 80 प्रतिशत हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है।

यह भूकंप ऐसे समय आया है, जब जून के अंत में पड़ोसी वेनेजुएला में आए लगातार भूकंपों ने सैकड़ों इमारतें नष्ट कर दी थीं और 6,300 से अधिक लोगों की जान चली गई थी।

पेरेइरा नगर प्रशासन ने बताया कि वहां कम से कम 58 इमारतें ढह गई हैं, जबकि कैली के महापौर अलेजांद्रो एडर ने कम से कम 40 इमारतों के गिरने की पुष्टि की है।

लूटपाट रोकने के लिए दोनों शहरों में सोमवार रात कर्फ्यू लागू कर दिया गया। पेरेइरा में निजी वाहनों के संचालन पर भी रोक लगा दी गई है, ताकि एंबुलेंस, पुलिस और बचाव दलों की आवाजाही सुचारु बनी रहे।

अमेरिकी विदेश विभाग ने आपातकालीन आश्रय, भोजन और अन्य राहत सामग्री के लिए 1.55 करोड़ डॉलर की सहायता देने की घोषणा की है। लातिन अमेरिका के कई देशों ने भी सहायता की पेशकश की है।

पेरेइरा के महापौर मॉरिसियो सालाजार ने स्थानीय मीडिया से कहा, “यह पूरे शहर और हजारों परिवारों के लिए एक बड़ी त्रासदी है। लेकिन हम डटे हुए हैं और ईश्वर की कृपा से आगे बढ़ते रहेंगे।”

एपी गोला दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में