नेपाल: ओली की गिरफ्तारी के खिलाफ सीपीएन (यूएमएल) ने दो सप्ताह के प्रदर्शन की घोषणा की
नेपाल: ओली की गिरफ्तारी के खिलाफ सीपीएन (यूएमएल) ने दो सप्ताह के प्रदर्शन की घोषणा की
काठमांडू, 31 मार्च (भाषा) नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (एकीकृत मार्क्सवादी-लेनिनवादी) ने मंगलवार को घोषणा की कि वह पूर्व प्रधानमंत्री और पार्टी अध्यक्ष के पी शर्मा ओली की गिरफ्तारी के विरोध में 11 अप्रैल से दो सप्ताह तक प्रदर्शन करेगी।
ओली और पूर्व गृह मंत्री रमेश लेखक को पिछले साल सितंबर में ‘जेन-जेड’ समूह के नेतृत्व में हुए सरकार विरोधी प्रदर्शनों को दबाने में उनकी भूमिका के आरोप में गत शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया था। इन विरोध-प्रदर्शनों के दौरान लगभग दो दर्जन युवाओं समेत 76 लोग मारे गए थे।
बालेंद्र शाह के नेतृत्व में हाल ही में गठित नयी सरकार ने अपनी पहली कैबिनेट बैठक में ‘जेन-जेड’ विरोध-प्रदर्शनों की जांच करने वाले आयोग की रिपोर्ट लागू करने का फैसला लिया था, जिसके बाद ओली और लेखक को गिरफ्तार कर लिया गया।
सीपीएन (यूएमएल) ने एक बयान में कहा कि वह 11 अप्रैल को सभी नगरपालिकाओं में प्रदर्शन शुरू करेगी और 16 अप्रैल को सभी वार्डों में इसी तरह के विरोध प्रदर्शन करेगी।
इसने यह भी कहा कि वह 20 अप्रैल को सभी सात प्रांतीय राजधानियों में और 25 अप्रैल को यहां एक विशाल विरोध रैली का आयोजन करेगी।
पार्टी ने यह घोषणा सोमवार को उच्चतम न्यायालय द्वारा ओली और लेखक को अंतरिम राहत देने से इनकार करने के बाद की है।
भाषा अविनाश माधव
माधव

Facebook


