अमेरिका में भारतीय नागरिक पर मादक पदार्थ तस्करी और अवैध हथियार रखने का आरोप

अमेरिका में भारतीय नागरिक पर मादक पदार्थ तस्करी और अवैध हथियार रखने का आरोप

अमेरिका में भारतीय नागरिक पर मादक पदार्थ तस्करी और अवैध हथियार रखने का आरोप
Modified Date: September 5, 2026 / 08:31 am IST
Published Date: September 5, 2026 8:31 am IST

(सागर कुलकर्णी)

वाशिंगटन, पांच सितंबर (भाषा) अमेरिका के कैलिफोर्निया में एक भारतीय नागरिक पर पिज्जा की दुकान से मादक पदार्थों की तस्करी करने का आरोप लगाया गया है। अमेरिकी न्याय मंत्रालय ने यह जानकारी दी।

अदालत के दस्तावेजों के अनुसार, अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे 50 वर्षीय कवल प्रीत सिंह ने दिनुबा शहर में अपने ‘राउंड टेबल पिज्जा’ रेस्तरां से बड़ी मात्रा में मेथामफेटामीन (एक प्रकार का मादक पदार्थ) बेचा। उसके पास अवैध हथियार भी थे।

न्याय मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को एक बयान में बताया कि संघीय एजेंट ने 18 अगस्त को सिंह के घर और दुकान की तलाशी ली और इस दौरान 40 पाउंड से अधिक मेथामफेटामीन, तीन आग्नेयास्त्र और 10 हजार अमेरिकी डॉलर से अधिक नकदी जब्त की गई।

यदि सिंह दोषी पाया जाता है तो मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में उसे कम से कम 10 साल की अनिवार्य सजा और अधिकतम उम्रकैद हो सकती है। इसके अलावा उस पर एक करोड़ अमेरिकी डॉलर तक का जुर्माना भी लगाया जा सकता है।

वहीं, मादक पदार्थों की तस्करी को बढ़ावा देने के लिए हथियार रखने के जुर्म में उसे कम से कम पांच साल की अतिरिक्त अनिवार्य सजा हो सकती है। इस मामले में भी अधिकतम सजा उम्रकैद हो सकती है।

इस मामले की जांच संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) और होमलैंड सिक्योरिटी इन्वेस्टिगेशंस ने की।

यह मामला ‘होमलैंड सिक्योरिटी टास्क फोर्स’ की उस पहल का हिस्सा है, जो अमेरिका और विदेशों में सक्रिय आपराधिक गिरोहों, विदेशी गैंग, अंतरराष्ट्रीय आपराधिक संगठनों और मानव तस्करी नेटवर्क को खत्म करने के लिए विभिन्न सरकारी एजेंसियों के संयुक्त प्रयासों के तहत संचालित की जा रही है।

भाषा शोभना खारी

खारी


लेखक के बारे में