नेपाल ने भारत के साथ सीमापार परिवहन बहाल करने का फैसला किया

नेपाल ने भारत के साथ सीमापार परिवहन बहाल करने का फैसला किया

नेपाल ने भारत के साथ सीमापार परिवहन बहाल करने का फैसला किया
Modified Date: November 29, 2022 / 08:47 pm IST
Published Date: March 18, 2021 4:39 pm IST

(शिरीष बी प्रधान)

काठमांडू, 18 मार्च (भाषा) कोविड-19 के मामलों में काफी गिरावट आने के साथ ही नेपाल ने बृहस्पतिवार को भारत के साथ सीमापार परिवहन बहाल करने का निर्णय लिया।

नेपाल कोविड-19 संकट प्रबंधन केंद्र (सीसीएमसी) के सचिव खगा राज बराल ने संवाददाताओं को बताया कि यहां सिंहदरबार में प्रधानमंत्री कार्यालय में इस केंद्र की बैठक में यह निर्णय लिया गया।

बराल ने कहा, ‘‘ सीसीएमसी की बैठक में मंत्रिमंडल को 12 मार्गों के मार्फत नेपाल और भारत के बीच सीमा पार परिवहन बहाल करने की सिफारिश करने का फैसला किया गया। ’’

हालांकि इन भू-मार्गों से सफर कर रहे यात्रियों को कोरोना वायरस संबंधी नियमों का पालन करना होगा और निगेटिव पीसीआर जांच रिपोर्ट दिखानी होगी और यह जांच यात्रा से 72 घंटे पहले करायी गयी हो।

नेपाल ने कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए पिछले साल मार्च में भारत से लगी सीमा पर आवाजाही निलंबित कर दी थी।

भारत और नेपाल के बीच 1800 किलोमीटर लंबी खुली सीमा है और इस पर 37 प्रवेश (वाहनयोग्य) मार्ग हैं।

इस बीच नेपाल के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि 107 नये मामले सामने आने से देश में कोविड-19 के संक्रमितों की संख्या बढ़कर 275,625 हो गयी। देश में इस बीमारी से अबतक 3015 की जान गयी हैं। फिलहाल 1000 मरीज उपचाररत हैं और 271,610 स्वस्थ हो चुके हैं।

भाषा

राजकुमार नरेश

नरेश


लेखक के बारे में