नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री ओली को पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया, देशभर में प्रदर्शन जारी

Ads

नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री ओली को पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया, देशभर में प्रदर्शन जारी

  •  
  • Publish Date - March 29, 2026 / 07:45 PM IST,
    Updated On - March 29, 2026 / 07:45 PM IST

(शिरीष बी प्रधान)

काठमांडू, 29 मार्च (भाषा) नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को रविवार को काठमांडू जिला न्यायालय ने पांच दिनों के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया। वहीं, उनकी गिरफ्तारी के विरोध में देश के विभिन्न हिस्सों में प्रदर्शन जारी हैं।

ओली और पूर्व गृह मंत्री रमेश लेखक को पिछले साल आठ और नौ सितंबर को हुए ‘जेन-जेड’ आंदोलन को दबाने में कथित संलिप्तता के आरोप में शनिवार को गिरफ्तार किया गया था। प्रदर्शनों के दौरान कुल 76 लोग मारे गए थे।

नवगठित बालेंद्र शाह सरकार द्वारा अपनी कैबिनेट की पहली बैठक में ‘जेन जेड’ के विरोध प्रदर्शनों की जांच आयोग की रिपोर्ट को लागू करने का निर्णय लेने के एक दिन बाद दोनों नेताओं की गिरफ्तारी की गई।

पुलिस ने लेखक को हत्या की घटनाओं में कथित संलिप्तता की जांच के लिए उनकी दस दिनों की हिरासत का अनुरोध करते हुए जिला अदालत में पेश किया। उन्हें पांच दिनों के लिए हिरासत में भेज दिया गया।

जिला अदालत के सूचना अधिकारी दीपक कुमार श्रेष्ठ के मुताबिक खराब स्वास्थ्य के कारण पूर्व प्रधानमंत्री ओली को ऑलनाइन माध्यम से अदालत में पेश किया गया।

ओली को गिरफ्तारी के बाद शनिवार को स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी सेहत बिगड़ गई। मौजूदा समय में उनका इलाज काठमांडू के महाराजगंज स्थित त्रिभुवन विश्वविद्यालय शिक्षण अस्पताल में किया जा रहा है।

इस बीच, नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (एकीकृत मार्क्सवादी-लेनिनवादी) के कार्यकर्ताओं ने पार्टी अध्यक्ष ओली की गिरफ्तारी के विरोध में मैतिघर में प्रदर्शन किया।

सीपीएन-यूएमएल ने काठमांडू समेत देशभर के जिला प्रशासन कार्यालयों (डीएओ) को गिरफ्तारियों के विरोध में एक विरोध पत्र सौंपा है।

ओली की पार्टी शनिवार से ही देशभर में विरोध प्रदर्शन कर रही है। पार्टी अपने अध्यक्ष ओली को तत्काल रिहा करने की मांग कर रही है।

नेपाल के उच्चतम न्यायालय के सूत्रों ने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री ओली और तत्कालीन गृह मंत्री लेखक की रिहाई का अनुरोध करते हुए अदालत में बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दायर की गई है।

स्थानीय मीडिया ने एक अन्य घटनाक्रम में बताया कि नेपाल पुलिस ने रविवार को पूर्व ऊर्जा मंत्री और नेपाली कांग्रेस के नेता दीपक खड़का को धनशोधन के एक मामले में गिरफ्तार किया।

धनशोधन जांच विभाग से अनुरोध प्राप्त होने के बाद पुलिस ने खड़का को जांच के लिए हिरासत में लिया।

खड़का पर ऊर्जा, जल संसाधन और सिंचाई मंत्री के रूप में परियोजनाओं के लिए लाइसेंस और अनुबंध दिलाने के लिए वित्तीय लाभ लेने का आरोप है।

भाषा धीरज दिलीप

दिलीप