नेपाल के गृह मंत्री गुरुंग ने वित्तीय विवाद के बीच इस्तीफा दिया

Ads

नेपाल के गृह मंत्री गुरुंग ने वित्तीय विवाद के बीच इस्तीफा दिया

  •  
  • Publish Date - April 22, 2026 / 06:59 PM IST,
    Updated On - April 22, 2026 / 06:59 PM IST

(शिरीष बी प्रधान)

काठमांडू, 22 अप्रैल (भाषा) नेपाल के गृह मंत्री सुदन गुरुंग ने अपने कार्यकाल के दौरान वित्तीय आचरण से संबंधित आरोपों के बाद बुधवार को इस्तीफा दे दिया।

गुरुंग का इस्तीफा एक विवादास्पद व्यवसायी के साथ उनके कथित व्यापारिक संबंधों और शेयरों के लेन-देन को लेकर बढ़ती आलोचनाओं के बीच आया है। उन्हें 27 मार्च को गृह मंत्री नियुक्त किया गया था।

गुरुंग ने सोशल मीडिया पर पोस्ट में लिखा कि उन्होंने अपने वित्तीय आचरण से संबंधित मामलों की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने और पद पर रहते हुए हितों के टकराव से बचने के लिए पद से इस्तीफा दे दिया है।

उन्होंने कहा, ‘‘मेरे लिए, पद से बढ़कर नैतिकता है, और जनविश्वास से बड़ी कोई शक्ति नहीं है। देश में ‘जेन जेड’ आंदोलन, जो सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग कर रहा है, ने भी यही संदेश दिया है कि सार्वजनिक जीवन पाक-साफ होना चाहिए और नेतृत्व जवाबदेह होना चाहिए।’’

‘जेन जेड’ उस पीढ़ी को कहा जाता है जो 1997 से 2012 के बीच पैदा हुई है।

गुरुंग ने फेसबुक पर एक पोस्ट में लिखा ‘‘अगर कोई मेरे 46 भाइयों और बहनों के खून और बलिदान से बनी सरकार पर सवाल उठाता है, तो उसका जवाब नैतिकता है।’’

प्रधानमंत्री बलेंद्र शाह के सचिवालय के अनुसार, गुरुंग ने प्रधानमंत्री को अपना त्यागपत्र सौंप दिया है। सचिवालय ने बताया कि प्रधानमंत्री शाह ने गृह मंत्रालय का कार्यभार अपने पास रखा है।

गुरुंग पिछले साल सितंबर में ‘जेन जेड’ आंदोलन के दौरान सक्रिय थे, क्योंकि उन्हें विरोध प्रदर्शन के मुख्य स्थल मैतिघर मंडला और नया बाणेश्वर में प्रदर्शनकारियों को बोतलबंद पानी बांटते हुए देखा गया था।

उन्होंने काठमांडू के तत्कालीन महापौर शाह और टीवी पत्रकार से नेता बने तथा राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के अध्यक्ष रवि लामिछाने के बीच एक समझौते पर हस्ताक्षर कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

इससे पहले नौ अप्रैल को प्रधानमंत्री शाह ने सत्तारूढ़ आरएसपी की सिफारिश पर श्रम, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा मंत्री दीप कुमार साह को उनके पद से बर्खास्त कर दिया था।

भाषा आशीष पवनेश

पवनेश