सियोल, आठ अप्रैल (एपी) उत्तर कोरिया ने दो दिनों में दूसरी बार बुधवार को समुद्र की ओर छोटी दूरी की कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। उत्तर कोरिया के एक वरिष्ठ अधिकारी द्वारा सियोल के साथ सौहार्दपूर्ण संबंधों की उम्मीदों के विपरीत शर्मनाक टिप्पणियां जारी करने के कुछ घंटों बाद यह घटना हुई। दक्षिण कोरिया की सेना ने यह जानकारी दी।
दक्षिण कोरिया के ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ ने कहा कि मिसाइलें उत्तर कोरिया के पूर्वी तटीय क्षेत्र वॉनसन से दागी गईं जो लगभग 240 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए उत्तर कोरिया के पूर्वी जलक्षेत्र की ओर गईं। उन्होंने कहा कि दक्षिण कोरिया, अमेरिका के साथ अपने मजबूत सैन्य गठबंधन के तहत उत्तर कोरिया द्वारा किसी भी प्रकार की उकसावे वाली कार्रवाई का जवाब देने के लिए तत्पर है।
दक्षिण कोरिया ने बाद में कहा कि उत्तर कोरिया ने अपने पूर्वी जलक्षेत्र की ओर एक और बैलिस्टिक मिसाइल दागी लेकिन उसने इसके बारे में और कोई जानकारी नहीं दी।
दक्षिण कोरिया की सेना ने कहा कि उसे मंगलवार को उत्तर कोरिया की राजधानी के आसपास एक अज्ञात मिसाइल के प्रक्षेपण का पता चला है। उसने कहा कि दक्षिण कोरियाई और अमेरिकी खुफिया एजेंसियां मंगलवार के प्रक्षेपण के विवरण का विश्लेषण कर रही हैं।
दक्षिण कोरिया के मीडिया ने बताया कि पहले दागी गई मिसाइल संभवतः एक बैलिस्टिक मिसाइल थी। प्रक्षेपण के प्रारंभिक चरण में दक्षिण कोरियाई सैन्य रडारों पर असामान्य गतिविधि दिखने के बाद यह रडार से गायब हो गया। रिपोर्ट के अनुसार, इससे संकेत मिलता है कि प्रक्षेपण विफल रहा।
उत्तर कोरिया यह स्पष्ट कर चुका है कि उसका दक्षिण कोरिया के साथ संबंध सुधारने का कोई इरादा नहीं है, जिसके बाद लगातार दो मिसाइल प्रक्षेपण हुए। वहीं, दक्षिण कोरिया की उदारवादी सरकार लंबे समय से ठप पड़े संवाद को फिर से शुरू करने की आशा को दृढ़ता से व्यक्त कर चुकी है।
मंगलवार रात को उत्तर कोरिया के विदेश मंत्रालय के प्रथम उप मंत्री जांग कुम चोल ने कहा कि दक्षिण कोरिया हमेशा उनके देश का ‘‘सबसे कट्टर शत्रु देश’’ बना रहेगा।
एपी सुरभि वैभव
वैभव