सियोल, 11 अप्रैल (एपी) उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने चीन की ‘‘बहुध्रुवीय विश्व’’ बनाने की पहल का समर्थन किया तथा दोनों पारंपरिक सहयोगी देशों के बीच संबंधों को और गहरा करने का आह्वान किया।
किम ने यह टिप्पणी चीनी विदेश मंत्री वांग यी के साथ शुक्रवार को हुई बैठक में की जिसकी जानकारी सरकारी मीडिया ने शनिवार को दी।
उत्तर कोरिया की आधिकारिक समाचार एजेंसी केसीएनए के अनुसार, किम ने कहा कि उनकी सरकार ‘वन चाइना’ सिद्धांत के आधार पर चीन की क्षेत्रीय अखंडता के प्रयासों का पूरा समर्थन करेगी, जिसमें ताइवान को चीन का अभिन्न हिस्सा माना जाता है।
उन्होंने क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि मौजूदा भू-राजनीतिक माहौल में दोनों देशों के संबंधों का निरंतर विकास और अधिक महत्वपूर्ण हो गया है।
दो दिवसीय यात्रा पर आए वांग यी ने कहा कि पिछले वर्ष किम और चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग के बीच हुई शिखर बैठक के बाद दोनों देशों के संबंध ‘‘नए चरण’’ में प्रवेश कर रहे हैं।
‘‘नए शीत युद्ध’’ और ‘‘बहुध्रुवीय विश्व’’ की अवधारणा को अपनाते हुए किम अंतरराष्ट्रीय अलगाव से बाहर निकलने और अमेरिका से टकराव वाले देशों के साथ संबंध बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं।
हाल के वर्षों में रूस उनकी विदेश नीति की प्राथमिकता रहा है, जहां उन्होंने यूक्रेन युद्ध में समर्थन के लिए सैनिक और हथियार भेजे हैं, वहीं चीन के साथ भी रिश्ते मजबूत किए जा रहे हैं।
पिछले महीने उत्तर कोरिया और चीन के बीच कोविड-19 के बाद पहली बार सीधी उड़ान और ट्रेन सेवाएं बहाल हुईं।
वांग यी ने सात वर्ष में पहली बार प्योंगयांग की यात्रा की और उत्तर कोरिया की विदेश मंत्री चोए सुन हुई से भी मुलाकात की।
यह यात्रा डोनाल्ड ट्रंप की प्रस्तावित चीन यात्रा से पहले हुई है। हालांकि, किम ने 2019 में ट्रंप के साथ वार्ता विफल होने के बाद अमेरिका और दक्षिण कोरिया के साथ बातचीत लगभग बंद कर दी है।
एपी गोला सिम्मी
सिम्मी