जी7 शिखर सम्मेलन से इतर प्रधानमंत्री मोदी और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री स्टार्मर ने द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने के उपायों पर चर्चा की
जी7 शिखर सम्मेलन से इतर प्रधानमंत्री मोदी और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री स्टार्मर ने द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने के उपायों पर चर्चा की
(फोटो के साथ)
एवियॉन (फ्रांस), 16 जून (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को अपने ब्रिटिश समकक्ष केअर स्टार्मर से मुलाकात की और व्यापार, प्रौद्योगिकी, नवाचार, रक्षा तथा स्वच्छ ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में भारत-ब्रिटेन संबंधों को और मजबूत बनाने के उपायों पर चर्चा की।
दोनों नेताओं की यह मुलाकात पूर्वी फ्रांस के एवियॉन में आयोजित जी7 शिखर सम्मेलन से इतर हुई। इस दौरान उन्होंने पश्चिम एशिया की स्थिति और यूक्रेन संघर्ष सहित क्षेत्रीय एवं वैश्विक घटनाक्रमों पर भी विचार-विमर्श किया।
सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में मोदी ने इस मुलाकात को “शानदार” बताया और कहा कि भारत-ब्रिटेन संबंधों के लिए बीता वर्ष “बेहद उत्कृष्ट” रहा है।
उन्होंने कहा, “व्यापार समझौते ने आर्थिक सहयोग के कई नए मार्ग खोले हैं। आज की वार्ता इस बात पर केंद्रित रही कि भारत-ब्रिटेन संबंधों को और अधिक गति कैसे प्रदान की जाए।”
मोदी ने बताया कि दोनों नेताओं ने नवाचार, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), कौशल विकास और खेल जैसे क्षेत्रों में मिलकर काम करने के तरीकों के साथ-साथ दोनों देशों के लोगों के हित में निवेश संबंधों को मजबूत बनाने के उपायों पर भी चर्चा की।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ‘एक्स’ पर कहा, “भारत-ब्रिटेन संबंध व्यापार, प्रौद्योगिकी, नवाचार, रक्षा, स्वच्छ ऊर्जा और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में लगातार नयी गति प्राप्त कर रहे हैं।”
जायसवाल ने कहा, “दोनों नेताओं ने व्यापार समझौते पर भी चर्चा की, जो दोनों देशों में विकास और समृद्धि के कई अवसर प्रदान करता है। दोनों नेताओं ने भारत-ब्रिटेन व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने की दिशा में आगे बढ़ने की उम्मीद जताई।”
दोनों नेताओं ने व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौते के शीघ्र लागू होने की उम्मीद भी जताई और शिक्षा क्षेत्र में बढ़ते सहयोग पर संतोष व्यक्त किया।
बैठक में मोदी ने इस साल की शुरुआत में नयी दिल्ली में हुए ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ में ब्रिटेन की मजबूत भागीदारी के लिए स्टार्मर का धन्यवाद किया और ‘प्रौद्योगिकी सुरक्षा पहल’ के तहत हुई प्रगति का स्वागत किया।
बयान के अनुसार, दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया, जिनमें पश्चिम एशिया के हालात और यूक्रेन में चल रहा संघर्ष शामिल है।
भाषा सुरभि प्रशांत
प्रशांत

Facebook


