हमारे निष्कासित राजदूत लेबनान नहीं छोड़ेंगे: ईरान

Ads

हमारे निष्कासित राजदूत लेबनान नहीं छोड़ेंगे: ईरान

  •  
  • Publish Date - March 30, 2026 / 07:41 PM IST,
    Updated On - March 30, 2026 / 07:41 PM IST

बेरूत, 30 मार्च (एपी) ईरान ने लेबनान द्वारा ईरानी राजदूत को निष्कासित किए जाने संबंधी आदेश को मानने से सोमवार को इनकार कर दिया और कहा कि वह वहीं रहेंगे। इससे बेरूत में तनाव और बढ़ गया है, जो ईरान समर्थित हिज्बुल्ला और इजराइल के बीच जारी लड़ाई की चपेट में आ गया है।

लेबनान ने ईरान की राजनयिक मौजूदगी को कमज़ोर करने और उसके दूतावास में राजदूत के बजाय एक प्रभारी रखने के प्रयास में राजदूत मोहम्मद रज़ा शिबानी को ‘‘अवांछनीय व्यक्ति’’ घोषित कर दिया था, लेकिन, देश छोड़ने की समयसीमा रविवार की थी।

ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बगाई ने पत्रकारों से कहा, “लेबनान में हमारा दूतावास सक्रिय है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘संबंधित लेबनानी निकायों द्वारा की गई टिप्पणियों और निकाले गए निष्कर्षों के बाद, हमारे राजदूत बेरूत में अपना मिशन जारी रखेंगे और वह अब भी वहीं हैं।’’

लेबनानी अधिकारियों ने टिप्पणी के अनुरोध पर तत्काल कोई जवाब नहीं दिया।

यह स्पष्ट नहीं है कि लेबनान आगे क्या कदम उठाएगा या इससे राजनयिक संबंधों पर क्या असर पड़ेगा। बताया जा रहा है कि ईरानी राजदूत दूतावास में ही हैं, जहाँ माना जाता है कि उन्हें राजनयिक छूट प्राप्त है।

लेबनान के उग्रवादी समूह हिज्बुल्ला ने इज़राइल पर हमले करके ईरान युद्ध में प्रवेश किया, जिसके जवाब में इज़राइल ने दक्षिणी लेबनान पर हमला कर दिया और राजधानी बेरूत के कुछ हिस्सों पर बमबारी की। लेबनान के स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि 1,200 से ज़्यादा लोग मारे गए हैं, और दस लाख से ज़्यादा लोग विस्थापित हुए हैं।

इज़राइल के विदेश मंत्री गिदोन सार ने सोमवार को ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘’आज सुबह, ईरानी राजदूत बेरूत में कॉफ़ी पी रहे हैं और मेज़बान देश का मज़ाक उड़ा रहे हैं।’’

हिज़्बुल्ला को निरस्त्र करने के बढ़ते दबाव के बीच, लेबनान ने इस महीने की शुरुआत में इसकी सैन्य गतिविधियों के साथ-साथ ईरान के विशिष्ट ‘रिवोल्यूशनरी गार्ड’ की गतिविधियों पर भी प्रतिबंध लगाने की घोषणा की। इसके बाद राजदूत को निष्कासित करने का आदेश आया।

एपी नेत्रपाल नरेश

नरेश