(सज्जाद हुसैन/एम जुल्करनैन)
इस्लामाबाद/लाहौर, 11 अप्रैल (भाषा) पाकिस्तान की मध्यस्थता में ईरान और अमेरिका के बीच शांति वार्ता शनिवार को इस्लामाबाद में शुरू हुई। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।
सूत्रों ने बताया कि बातचीत पाकिस्तानी अधिकारियों के माध्यम से संदेशों के आदान-प्रदान से शुरू हुई, जिससे संकेत मिलता है कि शुरुआती बातचीत परोक्ष रूप से हुई।
उन्होंने कहा कि अगर कोई सकारात्मक घटनाक्रम होता है तो सीधी बातचीत भी हो सकती है।
सूत्रों ने बताया कि बातचीत के लिए ईरान की संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बागेर गालिबफ के नेतृत्व में ईरानी प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार रात इस्लामाबाद पहुंचा, जबकि उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के नेतृत्व में अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल शनिवार सुबह पहुंचा।
पाकिस्तान के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि ‘सीधी वार्ता’ के पहले दौर के समापन के बाद विदेश कार्यालय द्वारा एक बयान जारी किए जाने की संभावना है।
अमेरिका के प्रतिनिधिमंडल में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर और पश्चिम एशिया मामलों के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ शामिल हैं, जबकि ईरान का प्रतिनिधित्व विदेश मंत्री अब्बास अराघची और अन्य वरिष्ठ नेता कर रहे हैं।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडलों के साथ अलग-अलग बैठकें कीं और पश्चिम एशिया में ‘‘स्थायी शांति’’ की अपने देश की इच्छा दोहराई। उन्होंने बातचीत को सुगम बनाने के लिए इस्लामाबाद की प्रतिबद्धता भी जताई।
इस बातचीत के दौरान पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री इसहाक डार, सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर और गृह मंत्री मोहसिन रजा नकवी उपस्थित थे।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने शरीफ द्वारा गलीबाफ और अराघची को गले लगाने तथा गर्मजोशी से अभिवादन करने के दृश्य साझा किए।
ईरान की मीडिया में आई खबरों के मुताबिक, इस बातचीत को युद्धविराम लागू करने की दिशा में एक कदम के रूप में देखा जा रहा है।
यह बातचीत अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच 28 फरवरी से जारी युद्ध को आठ अप्रैल को दो सप्ताह तक रोकने पर बनी सहमति के बाद हो रही है।
भाषा धीरज सुरेश
सुरेश