पाकिस्तान ने अफगानिस्तान सीमा पर की जमीनी कार्रवाई, 29 चरमपंथी ढेर

Ads

पाकिस्तान ने अफगानिस्तान सीमा पर की जमीनी कार्रवाई, 29 चरमपंथी ढेर

  •  
  • Publish Date - June 29, 2026 / 08:30 AM IST,
    Updated On - June 29, 2026 / 08:30 AM IST

इस्लामाबाद, 29 जून (एपी) पाकिस्तान के सुरक्षा बलों ने रविवार को पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर एक जमीनी अभियान संचालित किया और साथ ही आतंकवादियों के ठिकानों तथा पनाहगाहों पर हमले किए, जिसमें 29 आतंकवादी मारे गए।

सूचना मंत्री अत्ताउल्ला तरार ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि यह अभियान देशभर में हाल के दिनों में हुए कई आतंकी हमलों के जवाब में शुरू किया गया।

इस पर अफगानिस्तान की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

हाल के वर्षों में पाकिस्तान में पुलिस और सुरक्षा बलों को निशाना बनाने वाले कई आतंकी हमले हुए हैं। पाकिस्तान सरकार इन हमलों के लिए तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) और उससे जुड़े अन्य चरमपंथी संगठनों को जिम्मेदार ठहराती रही है।

रविवार को की गई यह कार्रवाई उस घटना के एक दिन बाद हुई है, जब बंदूक और विस्फोटकों से लैस आतंकवादियों ने दक्षिणी बंदरगाह शहर कराची में पाकिस्तान रेंजर्स के क्षेत्रीय मुख्यालय पर हमला कर दिया था। इस हमले में तीन सैनिक मारे गए। वहीं जवाबी कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने तीन आतंकियों को मार गिराया और एक घायल हमलावर को गिरफ्तार किया, जिसकी पहचान अफगानिस्तान के एक नागरिक के रूप में की।

पाकिस्तान तालिबान से जुड़े संगठन ‘जमात-उल-अहरार’ ने शनिवार रात बयान जारी करके कराची हमले की जिम्मेदारी ली।

सूचना मंत्री अत्ताउल्ला तरार ने कहा कि सीमा क्षेत्र में संचालित अभियान में टीटीपी के ठिकानों और पनाहगाहों को निशाना बनाया गया।

इस नयी सैन्य कार्रवाई से पहले से तनावपूर्ण इस्लामाबाद-काबुल संबंध और अधिक बिगड़ सकते हैं।

एपी शोभना गोला

गोला