पाकिस्तान ने भारत में मानवाधिकारों का मुद्दा यूरोपीय संघ के समक्ष उठाया : विदेश कार्यालय

Ads

पाकिस्तान ने भारत में मानवाधिकारों का मुद्दा यूरोपीय संघ के समक्ष उठाया : विदेश कार्यालय

  •  
  • Publish Date - June 4, 2026 / 10:31 PM IST,
    Updated On - June 4, 2026 / 10:31 PM IST

इस्लामाबाद, चार जून (भाषा) पाकिस्तान ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसने सप्ताह की शुरुआत में देश के दौरे पर आए यूरोपीय संघ (ईयू) के प्रतिनिधिमंडल के समक्ष भारत में मानवाधिकारों से जुड़े मुद्दे उठाए थे।

इस सप्ताह यूरोपीय संघ की विदेश एवं सुरक्षा नीति मामलों की उच्च प्रतिनिधि काजा कलास ने पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशहाक डार से मुलाकात की। इसके बाद दोनों पक्षों आठवीं पाकिस्तान-ईयू रणनीतिक वार्ता आयोजित की।

यह पूछे जाने पर कि क्या दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय वार्ता में मानवाधिकारों पर चर्चा की, विदेश कार्यालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने साप्ताहिक प्रेस वार्ता में कहा, ‘‘भारत में मानवाधिकारों के मुद्दे पर (यूरोपीय संघ के प्रतिनिधिमंडल के साथ) चर्चा हुई…।’’

उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों के अनुरूप कश्मीर मुद्दे का समाधान तलाशने का प्रयास करेगा।

भारत ने पाकिस्तान और यूरोपीय संघ द्वारा जारी एक संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति में जम्मू कश्मीर के ‘अवांछित’ संदर्भों को सिरे से खारिज करते हुए मंगलवार को दो टूक कहा कि यह क्षेत्र देश का ‘‘अविभाज्य हिस्सा’’ है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, ‘‘जम्मू कश्मीर तथा लद्दाख केंद्र शासित प्रदेश भारत के अभिन्न और अविभाज्य अंग हैं। इन मामलों पर टिप्पणी करने का अधिकार न रखने वालों को इन पर कोई टिप्पणी करने से परहेज करना चाहिए।’’

डार और कलास के बीच हुई वार्ता के बाद एक संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई थी।

भाषा आशीष माधव

माधव