पाकिस्तान ने हिंदू मंदिर गिराने के आरोपों को नकारा

पाकिस्तान ने हिंदू मंदिर गिराने के आरोपों को नकारा

पाकिस्तान ने हिंदू मंदिर गिराने के आरोपों को नकारा
Modified Date: September 4, 2026 / 05:27 pm IST
Published Date: September 4, 2026 5:27 pm IST

इस्लामाबाद, चार सितंबर (भाषा) पाकिस्तान ने शुक्रवार को उन आरोपों को खारिज कर दिया कि देश में करीब 100 साल पुराने एक हिंदू मंदिर को जान-बूझकर गिरा दिया गया था। पाकिस्तान ने दावा किया कि भारी बारिश के कारण मंदिर के ढांचे को नुकसान पहुंचा था।

यह मंदिर पंजाब प्रांत के नरोवाल इलाके के सिराज गांव में था।

स्थानीय लोगों, अल्पसंख्यक संगठनों और एक राजनीतिक दल का कहना है कि धार्मिक कट्टरपंथियों के एक समूह ने मंदिर की जमीन को पास के मदरसे में शामिल करने के लिए उसे गिरा दिया।

भारत ने मंदिर गिराए जाने की खबरों की बुधवार को कड़ी निंदा की और पाकिस्तान से मांग की कि वह इस घटना की तुरंत जांच करे और इसके लिए जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराए।

भारत ने यह भी कहा कि पाकिस्तान को ‘‘अपवित्र किए गए मंदिर’’ के पुनर्निर्माण के लिए तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने चाहिए और अपने सभी अल्पसंख्यक नागरिकों और उनकी सांस्कृतिक विरासत की सुरक्षा और भलाई सुनिश्चित करने के अपने प्राथमिक दायित्व को पूरा करना चाहिए।

पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने भारत के आरोपों को ‘‘गलत और राजनीति से प्रेरित’’ बताते हुए शुक्रवार को कहा कि 21 जुलाई को भारी बारिश के कारण मंदिर के ढांचे को नुकसान पहुंचा था।

उसने कहा, ‘‘स्थानीय अधिकारियों ने बारिश से हुए नुकसान का जायजा लिया है और इमारत के पुनरूद्धार के लिए कदम उठाए हैं।’’

भाषा अविनाश दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में