चीन में पिरामिड योजना गतिविधियों में लिप्तता को लेकर सिंगापुर के 52 नागरिक पकड़े

चीन में पिरामिड योजना गतिविधियों में लिप्तता को लेकर सिंगापुर के 52 नागरिक पकड़े

चीन में पिरामिड योजना गतिविधियों में लिप्तता को लेकर सिंगापुर के 52 नागरिक पकड़े
Modified Date: September 4, 2026 / 04:43 pm IST
Published Date: September 4, 2026 4:43 pm IST

(गुरदीप सिंह)

सिंगापुर, चार सितंबर (भाषा) चीन के अधिकारियों ने ‘पिरामिड योजना’ से जुड़ी गतिविधियों में लिप्तता के आरोप में सिंगापुर के 52 नागरिकों को हिरासत में लिया। इनमें से कई को गिरफ्तार भी किया गया। किसी दूसरे देश में सिंगापुर के नागरिकों को इतनी बड़ी संख्या में गिरफ्तारी और हिरासत का संभवतः यह अब तक का सबसे बड़ा मामला है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

सिंगापुर के विदेश मंत्रालय (एमएफए) और सिंगापुर पुलिस बल (एसपीएफ) ने एक संयुक्त बयान में बताया कि दक्षिणी चीन के गुआंगशी प्रांत में संदिग्ध पिरामिड योजनाओं और उससे जुड़े अपराधों के खिलाफ चलाए गए एक बड़े कानून प्रवर्तन अभियान के तहत इन 52 नागरिकों को हिरासत में लिया गया।

‘पिरामिड योजना’ एक ऐसा व्यापारिक मॉडल है, जिसमें लोग वास्तविक उत्पादों या सेवाओं को बेचने के बजाय केवल नए सदस्यों को शामिल करके मुख्य रूप से पैसा कमाते हैं।

सिंगापुर के समाचार पत्र ‘द स्ट्रेट्स टाइम्स’ की खबर के अनुसार, चीनी अधिकारी इस मामले की जांच कर रहे हैं और सिंगापुर पुलिस ने अधिक जानकारी के लिए अपने चीनी समकक्षों से संपर्क किया है।

सिंगापुर की विदेश मामलों की दूसरी मंत्री सिम एन ने बताया कि बीजिंग स्थित सिंगापुर के दूतावास और गुआंगझोउ स्थित महावाणिज्य दूतावास के अधिकारियों ने हिरासत में लिए गए सभी 52 नागरिकों का हाल-चाल जानने और उन्हें राजनयिक मदद प्रदान करने के लिए तीन बार उनसे मुलाकात की है।

सिम ने स्थानीय मीडिया को बताया कि उन्होंने हिरासत में लिए गए ज्यादातर लोगों के परिजनों से मुलाकात की है।

विदेश मंत्रालय और पुलिस ने मामले या जांच की स्थिति के बारे में अधिक विवरण साझा नहीं किया। यह भी तुरंत स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इस अभियान में चीन या अन्य देशों के नागरिकों को हिरासत में लिया गया है या नहीं।

भाषा सुमित पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में