पेशावर, 10 मई (भाषा) पाकिस्तान के अशांत प्रांत खैबर पख्तूनख्वा में एक पुलिस थाने पर आत्मघाती बम हमले की कोशिश के बाद हुई मुठभेड़ में कम से कम तीन पुलिसकर्मियों की जान चली गई और कई अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सुरक्षाबलों ने शनिवार को बन्नू जिले के फतेहखेल पुलिस थाने पर एक बड़े आत्मघाती हमले को नाकाम कर दिया और विस्फोटकों से लदे वाहन को लक्ष्य तक पहुंचने से पहले ही नष्ट कर दिया।
शुरुआती जानकारी के अनुसार विस्फोट स्थल के आसपास के कई घरों को भारी नुकसान पहुंचा है और कई मकानों की छतें ढह गई हैं।
पुलिस ने बताया कि विस्फोट के तुरंत बाद बड़ी संख्या में चरमपंथियों ने पुलिस थाने पर हमला किया और उन्हें रोकने के लिए पुलिस की ओर से भी गोलीबारी की गई।
उसने बताया कि गोलीबारी में कम से कम तीन पुलिसकर्मियों की मौत हो गई, जबकि कई घायल हो गए।
खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री मोहम्मद सोहेल अफरीदी ने इस चरमपंथी हमले की कड़ी निंदा की और जान-माल के नुकसान पर गहरा दुख जताया।
अफरीदी ने कहा कि ‘‘आतंकवाद के विरुद्ध’’ यह लड़ाई केवल खैबर पख्तूनख्वा की ही नहीं, बल्कि पूरे देश की है। उन्होंने यह भी कहा कि बंद कमरों में लिए गए फैसलों और थोपी गई नीतियों ने देश को असुरक्षा के दलदल में धकेल दिया है।
उन्होंने कहा, ‘‘हम अपने शहीदों की कुर्बानी को व्यर्थ नहीं जाने देंगे और आतंकवाद के इस अभिशाप को जड़ से मिटाने तक प्रयास जारी रखेंगे।’’
भाषा खारी सिम्मी
सिम्मी