कोलंबिया में राष्ट्रपति पद के चुनाव में ट्रंप समर्थक उम्मीदवार को बढ़त, सत्तारूढ़ दल ने उठाए सवाल

Ads

कोलंबिया में राष्ट्रपति पद के चुनाव में ट्रंप समर्थक उम्मीदवार को बढ़त, सत्तारूढ़ दल ने उठाए सवाल

  •  
  • Publish Date - June 1, 2026 / 08:18 AM IST,
    Updated On - June 1, 2026 / 08:18 AM IST

बोगोटा, एक जून (एपी) कोलंबिया में राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए मतदान के पहले दौर में अपराध के खिलाफ सख्त रुख रखने वाले दक्षिणपंथी विचारधारा के नेता अबेराल्दो दे ला एस्प्रीएला ने बढ़त बना ली।

पहले दौर में किसी भी उम्मीदवार को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलने के कारण जून में चुनाव का दूसरा दौर होगा जिसमें दे ला एस्प्रीएला और सत्तारूढ़ ‘हिस्टोरिक पैक्ट’ के नेता इवान सेपेदा के बीच मुकाबला होगा। सेपेदा कोलंबिया के निवर्तमान राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो के सहयोगी हैं और उन्होंने चुनाव नतीजों पर सवाल उठाए हैं।

सेपेदा और पेट्रो ने पहले दौर के नतीजों पर संदेह जताया और दावा किया कि लाखों मतों में हेरफेर किया गया तथा विदेशी तत्वों ने चुनाव नतीजों को प्रभावित किया। हालांकि उन्होंने अपने आरोपों को साबित करने के लिए कोई साक्ष्य पेश नहीं किया।

सेपेदा ने कहा कि चुनाव स्वीकार करने से पहले वह निर्वाचन अधिकारियों द्वारा नतीजों की जांच किए जाने का इंतजार कर रहे हैं।

सेपेदा ने कहा, ‘‘मतगणना आयोग जब तक यह पूरी तरह स्पष्ट नहीं कर देता कि क्या हुआ, हम तब तक आज रात के नतीजों पर टिप्पणी नहीं करेंगे।’’

निर्वाचन अधिकारियों द्वारा 99.98 प्रतिशत मतों की गिनती किए जाने के बाद सेपेदा को 41 प्रतिशत वोट मिले जबकि दे ला एस्प्रीएला को 44 प्रतिशत वोट हासिल हुए।

सेपेदा ने गुरिल्ला समूहों और आपराधिक गिरोहों के साथ शांति समझौते कर ‘‘पूर्ण शांति’’ हासिल करने की कठिन योजना को आगे बढ़ाने का वादा किया है। रविवार को हुए मतदान से पहले तक सेपेदा जनमत सर्वेक्षणों में लगातार आगे थे, लेकिन चुनाव के कुछ ही सप्ताह पहले दे ला एस्प्रीएला ने सशस्त्र समूहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का वादा कर तेजी से समर्थन जुटाया।

दे ला एस्प्रीएला को ‘एल तिग्रे’ या ‘द टाइगर’ के नाम से जाना जाता है। उन्होंने खुद को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के समर्थक के रूप में पेश करने की कोशिश की है।

दे ला एस्प्रीएला ने रविवार रात अपने समर्थकों से कहा, ‘‘अमेरिका और लोकतांत्रिक दल इस दूसरे दौर के चुनाव की निगरानी करें। मैं इस लड़ाई का नेतृत्व करूंगा। मैं कोलंबिया का सबसे अच्छा योद्धा बनूंगा।’’

एपी

सिम्मी सुरभि

सुरभि