काठमांडू, पांच जून (भाषा) नेपाल की सत्तारूढ़ राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के अध्यक्ष रवि लामिछाने ने शुक्रवार को कहा कि भारत की अपनी हालिया यात्रा के दौरान उनका सर्वोच्च एजेंडा ‘‘समृद्धि’’ था।
लामिछाने की पार्टी प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह नीत नेपाल सरकार में शामिल है। वह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निमंत्रण पर पांच दिवसीय भारत यात्रा पर थे।
लामिछाने ने शुक्रवार को नेपाल पहुंचने पर त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बात करते हुए कहा, ‘‘नेपाल-भारत संबंध तभी मजबूत हो सकते हैं जब दोनों देश समृद्धि के पथ पर कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ें।’’
अपनी यात्रा के दौरान, लामिछाने ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, विदेश मंत्री एस. जयशंकर और भाजपा अध्यक्ष सहित भारत के शीर्ष अधिकारियों से मुलाकात की।
लामिछाने ने कहा, ‘‘दिल्ली में हुई वार्ता के दौरान मैंने खेल से लेकर सूचना प्रौद्योगिकी तक, समृद्धि से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा की।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम उन क्षेत्रों में सहयोग कर सकते हैं जो दोनों देशों को आर्थिक रूप से आगे बढ़ने में मदद करते हैं।’’
भाषा शफीक सुभाष
सुभाष