वाशिंगटन, नौ सितंबर (भाषा) पंजाबी गायक एमी विर्क कनाडा के एबॉट्सफोर्ड में अपने काफिले के एक वाहन पर हुई गोलीबारी में बाल-बाल बच गए। स्थानीय मीडिया की खबरों से यह जानकारी मिली।
यह हमला ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत में पांच सितंबर को रोजर्स फोरम में विर्क के संगीत कार्यक्रम के तुरंत बाद हुआ।
कनाडा के मीडिया संस्थानों ‘वैंकूवर सन’ और ‘एबॉट्सफोर्ड न्यूज’ ने स्थानीय पुलिस अधिकारियों के हवाले से गोलीबारी की जानकारी दी है।
एबॉट्सफोर्ड पुलिस विभाग के सार्जेंट पॉल वॉकर ने बताया, ‘‘पांच सितंबर, 2026 को रात करीब 11 बजे मैक्कलम रोड पर एक वाहन जा रहा था, तभी किसी दूसरे वाहन में सवार लोगों ने उस पर गोलीबारी की। शुरुआती जांच में पता चला है कि गहरे रंग की एसयूवी में सवार लोगों ने इस वाहन पर कई गोलियां चलाईं।’’
उन्होंने हमलावरों या पीड़ितों की पहचान उजागर नहीं की।
वॉकर ने बताया कि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
उन्होंने कहा कि गोलीबारी के कुछ देर बाद पुलिस के अधिकारियों को एक वाहन में आग लगने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर अधिकारियों ने एक एसयूवी को पूरी तरह आग की लपटों में घिरा पाया।
अधिकारी गोलीबारी के कारणों का पता लगाने के साथ ही यह भी जांच कर रहे हैं कि वाहन में लगी आग का इस घटना से कोई संबंध है या नहीं।
वॉकर ने कहा, ‘‘शुरुआती संकेत बताते हैं कि यह घटना किसी को निशाना बनाकर की गई कार्रवाई थी।’’
विर्क कनाडा और अमेरिका के कई शहरों में संगीत कार्यक्रम में प्रस्तुति दे रहे हैं।
एमी विर्क का असली नाम अमनिंदरपाल सिंह विर्क है, वह पंजाबी संगीत और सिनेमा जगत के प्रमुख नामों में शामिल हैं। वह ‘‘अंग्रेज’’, ‘‘किस्मत’’ और ‘‘लौंग लाची’’ जैसी फिल्मों में अपनी भूमिकाओं के लिए भी जाने जाते हैं।
विर्क ने ‘‘भुज: द प्राइड ऑफ इंडिया’’ से हिंदी फिल्मों में पदार्पण किया था और इसके अलावा वह ‘‘बैड न्यूज’’ और ‘‘खेल खेल में’’ जैसी फिल्मों में भी नजर आ चुके हैं।
भाषा शफीक माधव
माधव