वेनेजुएला में भूकंप के बाद राहत सामग्री भेजी जा रही है, लेकिन इसका समय पर पहुंचना चुनौती

Ads

वेनेजुएला में भूकंप के बाद राहत सामग्री भेजी जा रही है, लेकिन इसका समय पर पहुंचना चुनौती

  •  
  • Publish Date - June 28, 2026 / 03:44 PM IST,
    Updated On - June 28, 2026 / 03:44 PM IST

(डल्से सुआरेज, फ्लोरिडा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी)

फ्लोरिडा, 28 जून (द कन्वरसेशन) वेनेजुएला में 24 जून, 2026 को आए दो शक्तिशाली भूकंपों ने पहले से ही गंभीर मानवीय संकट का सामना कर रहे इस देश में लोगों का जीवन और भी मुश्किल बना दिया है।

इस आपदा से पहले ही लाखों वेनेजुएलावासी पर्याप्त भोजन, दवाइयों, ईंधन और जीवनयापन के लिए जरूरी बुनियादी सेवाएं जुटाने के लिए संघर्ष कर रहे थे। अब वहां पहले से कहीं अधिक लोगों को तत्काल आश्रय, चिकित्सा सुविधा, स्वच्छ पेयजल, भोजन और अन्य सहायता की जरूरत है।

मैं मानवीय सहायता के क्षेत्र का शोधकर्ता हूं और लातिन अमेरिका में मानवीय राहत कार्यों के प्रबंधन का 10 वर्ष से अधिक का अनुभव रखता हूं। इन दिनों मैं आपदा क्षेत्र में राहत एवं बचाव अभियानों पर एक पाठ्यक्रम पढ़ा रहा हूं।

इस पाठ्यक्रम के स्नातकोत्तर छात्र पहले से ही यह समझ रहे थे कि लातिन अमेरिका में भूकंप और अन्य आपदाओं के बाद पुनर्वास की सफलता मजबूत स्थानीय साझेदारों, भरोसेमंद आपूर्ति व्यवस्था और सबसे अधिक प्रभावित लोगों तक समय पर सहायता पहुंचने पर निर्भर करती है।

अब इन भूकंपों के बाद उन्हें यह भी देखने को मिलेगा कि इस तरह की त्रासदी वास्तविक समय में किस तरह सामने आती है।

क्या विदेशों में रह रहे वेनेजुएलावासी अपने परिजनों से संपर्क कर पा रहे हैं?

अब भी 50,000 से अधिक लोग लापता हैं। ऐसे में शुरुआती जानकारी में मरने वालों और घायलों का जो आंकड़ा दिया गया है, वह बढ़ सकता है।

मकानों के तबाह होने के बाद विस्थापित हुए लोगों की वास्तविक संख्या सामने आने भी काफी समय लग सकता है।

अपने देश से बाहर रह रहे अनुमानित 80 लाख वेनेजुएलावासियों के लिए यह किसी बुरे सपने से कम नहीं है। उनमें से कई अपने परिजनों से संपर्क नहीं कर पा रहे हैं, जिससे उनका डर, मन में असमंजस बढ़ता जा रहा है।

हालांकि, विदेशों में रह रहे वेनेजुएलावासी अब मदद के लिए आगे आ रहे हैं। सामुदायिक समूह, गैर-लाभकारी संगठन और वेनेजुएला के नागरिकों के स्वामित्व वाले कारोबार राहत एवं पुनर्वास कार्यों के लिए चंदा और धन जुटा रहे हैं। उनके ये प्रयास अपने वतन के साथ उनके गहरे जुड़ाव को दर्शाते हैं।

क्या अन्य देशों ने मदद शुरू की?

अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने आगे बढ़कर समर्थन दिया है। कई देशों ने हेलीकॉप्टर, विमान और अन्य जरूरी रसद उपकरण भेजने की घोषणा की है, जिनका इस्तेमाल बचाव दल मलबे में फंसे लोगों को निकालने और अन्य राहत एवं बचाव अभियानों में कर सकेंगे।

मानवीय सहायता भेजने का वादा करने वाले देशों में अमेरिका, ब्राजील, अल सल्वाडोर, मेक्सिको, स्पेन, जर्मनी, फ्रांस और कई अन्य देश शामिल हैं।

लेकिन हवाई अड्डों, अस्पतालों और अन्य आवश्यक बुनियादी ढांचे को हुए भारी नुकसान के कारण इस सहायता को तेजी से प्रभावित इलाकों तक पहुंचाना चुनौतीपूर्ण साबित हो सकता है।

घटनास्थल से लोगों द्वारा साझा किए गए वीडियो और खबरों से पता चलता है कि देश का सबसे व्यस्त सिमोन बोलिवार अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हुआ है। वहां छत के पैनल गिर गए हैं, टर्मिनल में जगह-जगह मलबा फैला हुआ है और बिजली आपूर्ति ठप है, जिसके कारण हवाई अड्डा संचालन की स्थिति में नहीं है।

यदि यह हवाई अड्डा लंबे समय तक बंद रहता है तो विदेशी सरकारों और अंतरराष्ट्रीय रेड क्रॉस तथा संयुक्त राष्ट्र विश्व खाद्य कार्यक्रम जैसे अंतरराष्ट्रीय संगठनों की राहत सामग्री की आपूर्ति प्रभावित होगी।

वेनेजुएला की मदद का सबसे अच्छा तरीका क्या है?

सोशल मीडिया और समाचार माध्यमों में तबाही की तस्वीरें सामने आने के बाद बहुत से लोग पूछ रहे हैं कि वे कैसे मदद कर सकते हैं। मेरा जवाब सीधा है—उन विश्वसनीय संगठनों को धनराशि दान करें, जो भूकंप आने से पहले से ही वेनेजुएला में काम कर रहे थे।

इन गैर-लाभकारी संगठनों को नकद सहायता देने से वेनेजुएला में काम कर रहे स्थानीय समूहों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के लिए तेजी और प्रभावी ढंग से राहत कार्य करना संभव होगा। वे प्रभावित समुदायों के नजदीक ही भोजन, पानी, दवाइयां, स्वच्छता संबंधी सामग्री और अन्य जरूरी सामान खरीद सकेंगे। इससे समय बचेगा और दूसरे देशों से राहत सामग्री भेजने में होने वाली कई तरह की देरी से भी बचा जा सकेगा।

नकद सहायता देने का एक लाभ यह भी है कि जब जरूरत का सामान स्थानीय कारोबारियों से खरीदा जाता है तो स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है। इसके विपरीत, कंबल, भोजन और अन्य सामान बाहर से भेजने से ऐसा नहीं होता और राहतकर्मियों के सामने अतिरिक्त व्यवस्थागत कठिनाइयां भी खड़ी होती हैं। स्थानीय स्तर पर खरीदारी से प्रभावित इलाकों में धन का प्रवाह बना रहता है, स्थानीय दुकानदारों का कारोबार चलता रहता है, रोजगार सुरक्षित रहते हैं और पुनर्वास की प्रक्रिया को भी बल मिलता है। साथ ही प्रभावित परिवारों तक मदद अधिक तेजी से पहुंचती है।

‘द एसोसिएटेड प्रेस’ ने वेनेजुएला में राहत कार्य कर रहे सत्यापित संगठनों की एक सूची भी तैयार की है।

क्या वेनेजुएला में जो हो रहा है, उसके पहले भी ऐसे उदाहरण रहे हैं?

वेनेजुएला में आए भूकंप के बाद की स्थिति मुझे वर्ष 2010 में हैती में आए विनाशकारी भूकंप की याद दिलाती है। दोनों ही ऐसी जटिल आपदाएं थीं, जिनकी गंभीरता पहले से कमजोर बुनियादी ढांचे के कारण और बढ़ गई थी।

हैती में मैंने देखा था कि बड़ी संख्या में गैर-लाभकारी संगठन और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियां राहत कार्य के लिए पहुंची थीं, लेकिन उनके कई कर्मचारियों को उस देश में काम करने का बहुत कम या बिल्कुल भी अनुभव नहीं था। कर्मचारियों से जुड़ी इस समस्या के कारण पुनर्वास प्रक्रिया लंबी खिंच गई।

मुझे उम्मीद है कि वेनेजुएला में पहुंचने वाली व्यापक राहत सहायता देश को उसकी मौजूदा समस्याओं से उबरने में मदद करेगी, न कि पुनर्वास की प्रक्रिया को और उलझाएगी, क्योंकि यह देश लंबे समय से एक के बाद एक त्रासदियों का सामना करता आ रहा है।

(द कन्वरसेशन)

खारी देवेंद्र

देवेंद्र