अमरावती, 28 जून (भाषा) राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस कार्यक्रम के तहत रविवार को आंध्र प्रदेश में पांच वर्ष से कम आयु के लगभग 50 लाख बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जा रही है।
आंध्र प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण आयुक्त चक्रधर बाबू ने बताया कि राज्य में चिह्नित 49.2 लाख लाभार्थियों में से 25,77,987 बच्चों को अपराह्न एक बजे तक पोलियो की खुराक पिलाई जा चुकी है, जो कुल लक्ष्य का 52.40 प्रतिशत है।
उन्होंने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, ‘‘अपराह्न एक बजे तक पांच वर्ष से कम आयु के 25,77,987 बच्चों को पोलियो की खुराक दी जा चुकी है, जो चिह्नित लाभार्थियों का 52.40 प्रतिशत है।’’
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री सत्य कुमार यादव ने राज्यव्यापी पल्स पोलियो अभियान के तहत विशाखापत्तनम में बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई।
यादव ने कहा कि आंध्र प्रदेश को पोलियो-मुक्त बनाए रखना सरकार, माता-पिता, नागरिक संस्थाओं और सामुदायिक संस्थाओं की साझा जिम्मेदारी है।
इससे पहले, राज्य टीकाकरण कार्य बल की बैठक को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य, चिकित्सा एवं परिवार कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव एस. सुरेश कुमार ने कहा कि भारत का पोलियो-मुक्त दर्जा देश की सबसे बड़ी सार्वजनिक स्वास्थ्य उपलब्धियों में से एक है और इसे निरंतर सतर्कता के माध्यम से बनाए रखना आवश्यक है।
भाषा शोभना दिलीप
दिलीप