बिहार: मुख्यमंत्री ने पटना की दो फ्लाईओवर परियोजनाओं का लोकार्पण किया

Ads

बिहार: मुख्यमंत्री ने पटना की दो फ्लाईओवर परियोजनाओं का लोकार्पण किया

  •  
  • Publish Date - August 28, 2026 / 08:07 PM IST,
    Updated On - August 28, 2026 / 08:07 PM IST

पटना, 28 अगस्त (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को पटना में 249 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित करबिगहिया-मीठापुर फ्लाईओवर, पहुंच पथ एवं सेवा पथ तथा मीठापुर-सिपारा एलिवेटेड पथ का लोकार्पण किया।

उन्होंने कहा कि इन दोनों परियोजनाओं से राजधानी की यातायात व्यवस्था अधिक सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित होगी।

मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, चौधरी ने मीठापुर बस स्टैंड को मीठापुर गोलंबर से जोड़ने के लिए नवनिर्मित फ्लाईओवर का उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने मीठापुर-महुली-पुनपुन परियोजना के तहत मीठापुर से सिपारा तक निर्मित 2.1 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड सड़क का भी लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि करबिगहिया-मीठापुर फ्लाईओवर के शुरू होने से पटना जंक्शन आने-जाने वाले यात्रियों के लिए आवागमन अधिक सुगम होगा। उन्होंने कहा कि मीठापुर बस स्टैंड और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर संपर्क की सुविधा मिलेगी तथा मीठापुर से महुली होते हुए पुनपुन की ओर जाने वाले यात्रियों का सफर भी आसान होगा।

उन्होंने कहा कि एलिवेटेड पथ से प्रमुख मार्गों पर वाहनों का दबाव कम होगा और मीठापुर-सिपारा मार्ग पर लगने वाले जाम से आम लोगों को राहत मिलेगी। साथ ही करबिगहिया, मीठापुर और स्टेशन रोड पर यातायात का दबाव भी घटेगा।

लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री ने पैदल और वाहन से नवनिर्मित फ्लाईओवर का निरीक्षण कर निर्माण कार्य तथा यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेन्द्र, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव तथा विधायक श्याम रजक और अरुण मांझी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

भाषा कैलाश

धीरज

धीरज