रूस के बैलिस्टिक मिसाइल और ड्रोन हमलों से यूक्रेन की राजधानी कीव दहली, नौ लोगों की मौत

Ads

रूस के बैलिस्टिक मिसाइल और ड्रोन हमलों से यूक्रेन की राजधानी कीव दहली, नौ लोगों की मौत

  •  
  • Publish Date - August 1, 2026 / 01:57 PM IST,
    Updated On - August 1, 2026 / 01:57 PM IST

कीव, एक अगस्त (एपी) रूस ने शुक्रवार देर रात से शनिवार तड़के तक यूक्रेन की राजधानी कीव पर बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से भीषण हमला किया, जिसमें कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई और 22 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

यूक्रेन की सरकारी आपातकालीन सेवा के अनुसार, कीव के सोलोमियांस्की जिले में मलबा गिरने से पांच मंजिला रिहायशी इमारत क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें आग लग गई। बचावकर्मियों ने इमारत की ऊपरी मंजिलों से 35 लोगों को सुरक्षित निकाला। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई और दो बच्चों सहित आठ लोग घायल हुए हैं।

आपातकालीन सेवा ने बताया कि दारनित्स्की जिले में हमले के कारण मकानों, वाहनों, एक प्रशासनिक भवन और अन्य गैर-आवासीय इमारतों में आग लग गई तथा भारी नुकसान हुआ। इस इलाके में सात लोगों की मौत हो गई और 14 अन्य घायल हो गए।

राजधानी के शेवचेंकिव्स्की जिले में भी आपातकालीन कर्मियों ने एक गैर-आवासीय इमारत में लगी आग पर काबू पाया। हालांकि, जिले के महापौर द्वारा पहले दी गई इस सूचना पर कि एक अन्य रिहायशी इमारत में कुछ लोग फंसे हो सकते हैं, कोई नई जानकारी नहीं मिली है।

शहर के दो अन्य जिलों में भी व्यावसायिक और रिहायशी इमारतों को नुकसान पहुंचने की खबर है।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की लगातार अमेरिका और अन्य पश्चिमी सहयोगी देशों से रूस के मिसाइल हमलों का मुकाबला करने के लिए पैट्रियट हवाई रक्षा प्रणाली की मांग कर रहे हैं।

जेलेंस्की ने शुक्रवार देर रात बताया कि उनकी अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस से बातचीत हुई। इस दौरान उन्होंने इस सप्ताह वाशिंगटन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ हुई बैठक पर भी चर्चा की, जिसे उन्होंने ‘सकारात्मक और सार्थक’ बताया।

जेलेंस्की ने सोशल मीडिया मंच ‘टेलीग्राम’ पर लिखा, ‘‘हमारे देश पर रूस के हवाई हमले लगातार जारी हैं। बैलिस्टिक मिसाइलों को रोकने के लिए पैट्रियट प्रणाली के इंटरसेप्टर और हवाई रक्षा क्षमता हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता बनी हुई है।’’

जुलाई में अंकारा में आयोजित नाटो शिखर सम्मेलन के दौरान ट्रंप ने कहा था कि अमेरिका यूक्रेन को पैट्रियट प्रणाली के निर्माण का लाइसेंस देगा। हालांकि, शुक्रवार को मैरीलैंड स्थित कैम्प डेविड में मंत्रिमंडल की बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि इस संबंध में अभी अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।

कीव पर यह हमला ऐसे समय हुआ है जब महज दो दिन पहले रूस ने पूरे यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया था। उस हमले में 10 नागरिकों की मौत हो गई थी और 50 से अधिक लोग घायल हुए थे। साथ ही, एक रूसी मिसाइल पोलैंड के हवाई क्षेत्र में भी प्रवेश कर गई थी।

दूसरे हवाई हमले की चेतावनी के दौरान तहखाने में बने शरणस्थल में छिपीं 64 वर्षीय ल्यूडमिला नाकोनेचना ने बताया कि रात करीब डेढ़ बजे तेज धमाकों की आवाज से उनकी नींद खुल गई।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं भागकर गलियारे में पहुंची ही थी कि बाथरूम का दरवाजा जोरदार धमाके से उखड़कर मेरे पैर से टकरा गया। चारों ओर शीशे टूटने की आवाज आ रही थी। मेरी बालकनी पूरी तरह कांच से भर गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मेरे शयनकक्ष की खिड़कियां भी टूट गईं।’’

कैंसर का उपचार करा चुकीं नाकोनेचना ने बताया कि रूस के 24 फरवरी 2022 को पूर्ण पैमाने पर आक्रमण शुरू करने के बाद से उन्होंने कभी शरणस्थल का सहारा नहीं लिया था, लेकिन अब लगातार हमलों के कारण मानसिक तनाव इतना बढ़ गया कि उन्हें वहां जाना पड़ा।

उन्होंने कहा, ‘‘स्थिति हर दिन खराब होती जा रही है। पहले दो सप्ताह में एक बार या सप्ताह में एक बार हमला होता था, लेकिन अब लगभग हर दिन हमले हो रहे हैं। मानसिक रूप से इसे सहना बेहद कठिन होता जा रहा है।’’

भाषा शोभना नेत्रपाल रंजन

रंजन

रंजन