महिला के साथ विवादित ‘मेल-जोल’ को लेकर सिंगापुर के मंत्री ने दिया इस्तीफा

महिला के साथ विवादित 'मेल-जोल' को लेकर सिंगापुर के मंत्री ने दिया इस्तीफा

महिला के साथ विवादित ‘मेल-जोल’ को लेकर सिंगापुर के मंत्री ने दिया इस्तीफा
Modified Date: July 20, 2026 / 06:47 pm IST
Published Date: July 20, 2026 6:47 pm IST

(गुरदीप सिंह)

सिंगापुर, 20 जुलाई (भाषा) सिंगापुर के मुस्लिम मामलों के प्रभारी कार्यवाहक मंत्री फैसल इब्राहिम ने एक महिला के साथ मेल-जोल को लेकर उठे सवालों के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।

सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग ने सोमवार को एक बयान में कहा, ‘उनकी ज्यादातर बातचीत ऑनलाइन संदेशों के जरिए हुई। वे सार्वजनिक कार्यक्रमों से इतर भी मिले थे।’

पिछले महीने प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) को एक महिला की ओर से ईमेल मिला था, जिसमें उसने फैसल के साथ अपनी बातचीत का विवरण दिया था। इसके बाद वोंग ने संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच करने का निर्देश दिया।

जांच के दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर उत्पीड़न के आरोप लगाए।

बाद में पुलिस ने निष्कर्ष निकाला कि कोई अपराध नहीं हुआ है और दोनों में से किसी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी।

बयान में कहा गया, ‘लेकिन एक अलग सवाल यह था कि क्या एसोसिएट प्रोफेसर फैसल का आचरण राजनीतिक पदधारक और सांसद से अपेक्षित मानकों पर खरा उतरता है या नहीं।’

इसमें कहा गया, ‘मामले पर विचार करने के बाद एसोसिएट प्रोफेसर फैसल ने स्वीकार किया कि उनका आचरण इन मानकों से कमतर था और उन्होंने अपना इस्तीफा सौंप दिया।’

बयान के अनुसार, रक्षा तथा स्थिरता एवं पर्यावरण मामलों के वरिष्ठ राज्य मंत्री जकी मोहम्मद फैसल का स्थान लेंगे।

फैसल ने वोंग को लिखे एक पत्र में कहा, जिसे मीडिया के लिए जारी किया गया, ‘हमारे बीच कोई शारीरिक संबंध नहीं था और ऐसा संबंध बनाने का मेरा इरादा भी नहीं था। लेकिन बातचीत को संभालने के तरीके और शुरुआती स्तर पर स्पष्ट सीमाएं तय नहीं कर पाने में मेरी ओर से निर्णय की चूक हुई।’

राष्ट्रीय विश्वविद्यालय सिंगापुर में अकादमिक करियर के बाद 2006 में राजनीति में आए फैसल ने विगत वर्षों के दौरान सरकार में कई पदों पर जिम्मेदारी संभाली है।

इस्तीफा स्वीकार किए जाने के कुछ ही समय बाद 58 वर्षीय फैसल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘मैं अपने उन मतदाताओं और समर्थकों को निराश करने के लिए बेहद दुखी हूं, जिन्होंने मुझ पर भरोसा जताया।’

भाषा अमित दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में