सिंगापुर में कोविड-19 के मामलों में हफ्ते भर में करीब 60 प्रतिशत की वृद्धि हुई

Ads

सिंगापुर में कोविड-19 के मामलों में हफ्ते भर में करीब 60 प्रतिशत की वृद्धि हुई

  •  
  • Publish Date - May 21, 2026 / 06:19 PM IST,
    Updated On - May 21, 2026 / 06:19 PM IST

( गुरदीप सिंह )

सिंगापुर, 21 मई (भाषा) सिंगापुर में कोविड-19 के नये मामलों में एक सप्ताह के भीतर करीब 60 प्रतिशत हुई है। ‘कम्युनिकेबल डिजीज एजेंसी’ (सीडीए) द्वारा बृहस्पतिवार को जारी आंकड़ों से यह जानकारी मिली।

आंकड़ों के अनुसार, 10 से 16 मई के बीच कोविड-19 के 12,700 नये मामले सामने आए, जबकि इसके पिछले सप्ताह यह संख्या 8,000 थी।

सीडीए ने बताया कि इसी अवधि में कोविड-19 के कारण अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों की दैनिक औसत संख्या 56 से बढ़कर 73 हो गई। वहीं, औसतन प्रतिदिन एक मरीज को गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती किया गया।

इस अवधि में संक्रमण से किसी भी मौत की सूचना नहीं है।

एजेंसी ने कहा, ‘‘अन्य स्थानिक श्वसन संबंधी बीमारियों की तरह वर्षभर कोविड-19 की लहर समय-समय पर आती रह सकती है।’’

सीडीए के अनुसार, फिलहाल ऐसा कोई संकेत नहीं है कि स्थानीय स्तर पर फैल रहे कोविड-19 के स्वरूप पहले के स्वरूपों की तुलना में अधिक संक्रामक हैं या गंभीर बीमारी पैदा कर रहे हैं।

एजेंसी ने बताया कि सिंगापुर में इस समय कोविड-19 का एनबी.1.8.1 स्वरूप सबसे अधिक फैल रहा है, जो जेएन.1 स्वरूप का परिवर्तित प्रकार है। स्थानीय स्तर पर अनुक्रमित मामलों में इसके मामले आधे से अधिक हैं।

सीडीए ने कहा कि संक्रमण के मामलों में हालिया बढ़ोतरी के पीछे सामूहिक प्रतिरक्षा में कमी सहित कई कारण हो सकते हैं।

एजेंसी के अनुसार, मौजूदा स्वरूप के खिलाफ टीका अब भी प्रभावी है।

सीडीए ने कहा कि 60 वर्ष और उससे अधिक आयु के लोग तथा बच्चे गंभीर संक्रमण के अधिक जोखिम वाले वर्ग में हैं और उन्हें टीकाकरण कराना चाहिए।

एजेंसी ने लोगों को सावधानी बरतने, व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने, अस्वस्थ होने पर सामाजिक मेलजोल और गैर-जरूरी यात्रा से बचने तथा लक्षण दिखाई देने पर मास्क पहनने की सलाह दी है।

भाषा मनीषा सुभाष

सुभाष