ठाणे, 18 सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र में ठाणे जिले के भिवंडी में एक फार्महाउस में 22 वर्षीय महिला को बंदूक के बल पर बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोपी एक पूर्व भाजपा विधायक और एक बर्खास्त कांस्टेबल को पकड़ने के लिए पुलिस ने प्रयास तेज कर दिए हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारी ने पड़घा थाने में दर्ज प्राथमिकी के हवाले से बताया कि कल्याण पश्चिम के पूर्व भाजपा विधायक नरेंद्र पवार और बर्खास्त कांस्टेबल शैलेश पाटिल पर 13 सितंबर को पीड़िता को भिवंडी के बापगांव ले जाने, बंदूक दिखाकर धमकाने, शराब पिलाने और फिर उससे दुष्कर्म करने का आरोप है।
अधिकारी ने कहा, ‘‘पवार और पाटिल को पकड़ने के लिए कई टीम लगाई गई हैं। दोनों आरोपियों के आवासीय और ज्ञात ठिकानों पर सघन तलाशी ली जा रही है। हमने इस मामले में दोनों के कई रिश्तेदारों को समन जारी कर पूछताछ भी की है।’’
प्राथमिकी के अनुसार, पीड़िता का वैवाहिक विवाद चल रहा था और पवार ने मध्यस्थता कराने की पेशकश की थी।
अधिकारी ने कहा, ‘‘13 सितंबर को पवार ने पीड़िता को अपने कार्यालय बुलाया और फिर उसे गाड़ी से भिवंडी के बापगांव स्थित पाटिल के फार्महाउस ले गया। फार्महाउस में आरोपियों ने कथित तौर पर आग्नेयास्त्र दिखाकर महिला को डराया, उसे जबरन शराब पिलाई और उसका यौन उत्पीड़न किया।’’
भाजपा के प्रदेश ‘भटके विमुक्त आघाडी’ (खानाबदोश जनजातियों का मोर्चा) के प्रमुख पवार ने बृहस्पतिवार शाम एक बयान जारी कर सभी आरोपों का खंडन किया और पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा देने की घोषणा की।
भाषा
शुभम नेत्रपाल
नेत्रपाल