एनएचएआई ने घरौंडा टोल प्लाजा पर शुरू की बिना लेन वाली निर्बाध टोल प्रणाली

Ads

एनएचएआई ने घरौंडा टोल प्लाजा पर शुरू की बिना लेन वाली निर्बाध टोल प्रणाली

  •  
  • Publish Date - June 25, 2026 / 04:59 PM IST,
    Updated On - June 25, 2026 / 04:59 PM IST

नयी दिल्ली, 25 जून (भाषा) भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) 44 के पानीपत–जालंधर खंड पर घरौंडा टोल प्लाजा में बहु लेन निर्बाध परिवहन (एमएलएफएफ) यानी बिना ‘अवरोधक’ वाली और प्रौद्योगिकी आधारित टोल प्रणाली शुरू की है।

एनएचएआई ने बृहस्पतिवार को कहा कि यह प्रणाली बाधारहित और प्रौद्योगिकी-आधारित राजमार्ग यात्रा की दिशा में एक पहल है।

एनएचएआई के अनुसार, एमएलएफएफ प्रणाली पारंपरिक टोल प्लाजा व्यवस्था से अलग है। इसमें वाहनों को टोल देने के लिए रुकने या धीमा होने की आवश्यकता नहीं होती। उन्नत इलेक्ट्रॉनिक टोल संग्रह (ईटीसी) प्रौद्योगिकी, उच्च क्षमता वाले सेंसर और ओवरहेड गैन्ट्री पर लगे कैमरों की मदद से वाहनों की स्वत: पहचान की जाती है तथा फास्टैग के माध्यम से उपयोगकर्ता शुल्क अपने आप ही कट जाता है, जिससे राजमार्ग पर निर्बाध यात्रा संभव होती है।

प्राधिकरण ने कहा कि इससे पहले गुजरात के चोरयासी, दिल्ली के मुंडका टोल प्लाजा और राजस्थान के दौलतपुरा टोल प्लाजा पर भी एमएलएफएफ टोल प्रणाली लागू की जा चुकी है।

एनएचएआई ने कहा कि बाधारहित टोल संग्रह के लिए उन्नत तकनीक के उपयोग से यात्रियों की सुविधा बढ़ेगी, यात्रा का समय घटेगा, ईंधन दक्षता में सुधार होगा और सड़क परिवहन को अधिक सुरक्षित तथा टिकाऊ बनाया जा सकेगा।

प्राधिकरण ने राजमार्ग उपयोगकर्ताओं को सलाह दी कि वे अपने फास्टैग खातों में पर्याप्त राशि बनाए रखें, फास्टैग सक्रिय और वाहन पर सही ढंग से लगा हो तथा उच्च सुरक्षा पंजीकरण प्लेट (एचएसआरपी) का उपयोग करें।

भाषा यासिर अजय

अजय