रूस में संसदीय चुनाव के लिए तीन दिवसीय मतदान शुरू
रूस में संसदीय चुनाव के लिए तीन दिवसीय मतदान शुरू
मॉस्को, 18 सितंबर (एपी) रूस में युद्धकाल के दौरान पहली बार हुए संसदीय चुनाव के लिए शुक्रवार को तीन दिवसीय मतदान शुरू हुआ।
मतदान में 11.1 करोड़ पात्र मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से अधिकारियों ने इसे सप्ताहांत तक तीन दिनों में आयोजित किया है और इलेक्ट्रॉनिक मतदान की भी अनुमति दी गई है। मतदान शुक्रवार को शुरू हुआ और रविवार को समाप्त होगा।
वर्ष 2022 में रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद यह पहला संसदीय चुनाव है।
‘क्रेमलिन’ (रूसी राष्ट्रपति कार्यालय) चाहता है कि यह चुनाव युद्ध के लिए जनता के समर्थन को रेखांकित करे और उसकी कार्रवाई को वैधता प्रदान करे।
राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने मतदान से पहले देश को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘आपका चुनाव और संकल्प एक बार फिर यह प्रदर्शित करेगा कि लाखों लोग हमारे सैनिकों के साथ खड़े हैं।’’
रूसी सरकारी समाचार एजेंसियों ने बताया कि पुतिन ने शुक्रवार को ऑनलाइन मतदान किया।
पुतिन की ‘यूनाइटेड रशिया’ पार्टी का निचले सदन ‘स्टेट ड्यूमा’ पर अपना नियंत्रण बनाए रखना लगभग तय माना जा रहा है। विपक्ष की कई छोटी पार्टियां भी अपना प्रभाव बनाए रखने की उम्मीद कर रही हैं।
एपी शफीक माधव
माधव

Facebook


